Saturday, May 16, 2026
Latest:
LatestSports

T20 Tri Series श्री लंका ने भारत को पहले मैच में दी शिकस्त

कोलंबो। कुशल परेरा के तूफानी अर्द्धशतक (66) की मदद से श्रीलंका ने मंगलवार को टी20 ट्राई सीरीज के प्रारंभिक मुकाबले में भारत पर 5 विकेट से आसान जीत दर्ज की। भारत ने शिखर धवन के 90 रनों की मदद से 5 विकेट पर 174 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका ने 9 गेंद शेष रहते 5 विकेट खोकर जीत दर्ज की।

वॉशिंगटन सुंदर ने श्रीलंका को पहला झटका दिया जब उन्होंने कुशल मेंडिस (11) को मिडऑफ पर धवन के हाथों झिलवाया। शार्दुल ठाकुर द्वारा डाला गया पारी का तीसरा ओवर बेहद महंगा साबित हुआ क्योंकि परेरा ने इसमें 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से कुल 27 रन बनाए। गुणतिलका 19 रन बनाकर उनादकट की गेंद पर रिषभ पंत को कैच थमा बैठे। चांदीमल 14 रन बनाकर चहल की गेंद पर बोल्ड हुए।

अब उम्मीदें परेरा पर टिक गई थी, लेकिन वे सुंदर की गेंद को आगे निकलकर मारने के चक्कर में विकेटकीपर कार्तिक द्वारा स्टंप किए गए। उन्होंने 37 गेंदों में 6 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 66 रन बनाए। चहल ने थरंगा को आउट कर मेजबान टीम को करारा झटका दिया। इसके बाद थिसारा परेरा (22 नाबाद) और दासून शनाका (15 नाबाद) ने श्रीलंका को आसानी से जीत दिलाई।

श्रीलंका ने मंगलवार को टी20 ट्राई सीरीज में भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। रोहित ने पारी के पहले ओवर में चमीरा की गेंद को हवा में खेला और मिडऑफ से पीछे छोड़कर जीवन मेंडिस ने डाइव लगाते हुए शानदार कैच लपका। रैना 1 रन बनाकर प्रदीप की फुलटॉस पर बोल्ड हुए। दो विकेट जल्दी गिरने के बाद धवन ने मनीष पांडे के साथ मिलकर पारी को संभाला। इन्होंने तीसरे विकेट के लिए 95 रनों की भागीदारी की। मनीष 37 रन बनाकर जीवन मेंडिस की गेंद पर लांग ऑन पर गुणतिलका को कैच थमा बैठे।

धवन शतक से चूके, जब वे 90 रन बनाकर गुणतिलका की गेंद पर लांग ऑफ पर परेरा को कैच थमा बैठे। उन्होंने 49 गेंदों में 6 चौके और 6 छक्के लगाए। रिषभ पंत 23 रन बनाकर पारी की अंतिम गेंद पर प्रदीप के शिकार बने। दिनेश कार्तिक 13 रन बनाकर नाबाद रहे।

भारत की तरफ से ऑलराउंडर विजय शंकर को अंतरराष्ट्रीय टी20 डेब्यू करने का मौका मिला। कोच रवि शास्त्री ने विजय शंकर को कैप प्रदान की।

टीमें – भारत : र‍ोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, सुरेश रैना, केएल राहुल, मनीष पांडे, रिषभ पंत, दिनेश कार्तिक, वॉशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, शार्दुल ठाकुर, जयदेव उनादकट।

श्रीलंका: उपुल थरंगा, कुशल मेंडिस, दानुष्का गुणतिलका, कुशल परेरा, दासून शनाका, थिसारा परेरा, दिनेश चांदीमल (कप्तान), अकिला धनंजय, जीवन मेंडिस, , दुषमंथा चमीरा नुवान प्रदीप।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply