सोनिया गांधी ने लालू यादव से की मुलाकात: आरजेडी प्रमुख का हाल जाना, यूपीए सरकार के दिनों को किया याद
नई दिल्ली। कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार सुबह राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के आवास पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान सोनिया गांधी ने लालू यादव के स्वास्थ्य का हाल जाना। मुलाकात के दौरान दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। इस मौके पर लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव समेत परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
मुलाकात के बाद लालू यादव ने साझा कीं तस्वीरें मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शेयर करते हुए लालू प्रसाद यादव ने खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि सोनिया गांधी के आने से पुराने दिनों की यादें ताजा हो गईं। लालू यादव ने याद दिलाया कि कैसे UPA सरकार के कार्यकाल में उन्होंने मिलकर मनरेगा, RTE (शिक्षा का अधिकार) और RTI (सूचना का अधिकार) जैसे कानून लाकर देशवासियों को सशक्त बनाया था। साथ ही युवाओं, किसानों और आम जनता के हित में कई कल्याणकारी योजनाएं लागू की थीं। उन्होंने यह भी जिक्र किया कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में बिहार के विकास के लिए 1 लाख 45 हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि दी गई थी। सोनिया गांधी ने लालू यादव से की मुलाकात: आरजेडी प्रमुख का हाल जाना, यूपीए सरकार के दिनों को किया याद
सिंगापुर में चल रहा है लालू यादव का इलाज गौरतलब है कि आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उनका इलाज सिंगापुर में चल रहा है, जहां वे अपनी बेटी रोहिणी आचार्य के पास रहकर नियमित जांच और उपचार कराते हैं। हाल ही में रोहिणी आचार्य ने भी अपने पिता के साथ सिंगापुर में मॉर्निंग वॉक का एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था।











