PM Shri School Mega Scam: पीएमश्री स्कूल में शिक्षा व्यवस्था की उधड़ी धज्जियां; शिवपुरी में फेल व अनुपस्थित 71 छात्राओं को फर्जी तरीके से कर दिया पास
शिवपुरी/करैरा, yashbharat.com। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक सनसनीखेज और शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला उजागर हुआ है। केंद्र व राज्य सरकार जिस ‘पीएमश्री’ (PM SHRI) योजना को आधुनिक और आदर्श मॉडल स्कूल के रूप में पेश कर रही है, उसी स्कूल में फर्जीवाड़े का बड़ा खेल सामने आया है।
शिवपुरी जिले के करैरा स्थित पीएमश्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 9वीं और 11वीं की परीक्षा में फेल और अनुपस्थित रहीं 71 छात्राओं को सांठ-गांठ के खेल में पास घोषित कर दिया गया।
अनुपस्थित और अनुत्तीर्ण छात्राओं को थमाई फर्जी मार्कशीट
घोटाले की सामने आई मुख्य बातें इस प्रकार हैं, कक्षा 9वीं और 11वीं की बोर्ड पैटर्न पर आयोजित वार्षिक परीक्षाओं में धांधली की गई। जो छात्राएं परीक्षा में पूरी तरह से अनुपस्थित थीं या जिन्हें विषयवार अनुत्तीर्ण (Fail) घोषित किया गया था, उन्हें कागजों पर उत्तीर्ण (Pass) दर्शा दिया गया। सांठ-गांठ और प्रशासनिक साठ-गांठ के बल पर इन सभी 71 छात्राओं को फर्जी मार्कशीट जारी कर अगली कक्षा (10वीं और 12वीं) में प्रमोट कर दिया गया।
मॉडल स्कूल की साख पर उठे गंभीर सवाल
पीएमश्री योजना के तहत करोड़ों रुपये का बजट देकर इन स्कूलों को प्रदेश का रोल मॉडल बनाने का दावा किया जा रहा है: इस घटना ने पीएमश्री स्कूलों में मूल्यांकन प्रक्रिया, परीक्षा परिणामों के सत्यापन और स्थानीय स्कूल प्रशासन की पारदर्शिता पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं। बिना पढ़े और फेल होने के बावजूद प्रमोट करने के इस ढर्रे से छात्राओं की शैक्षणिक नींव और भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
विभागीय जांच और कार्रवाई की मांग
मामला उजागर होते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है, परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस पूरे फर्जीवाड़े के पीछे स्कूल प्रबंधन और परिणाम तैयार करने वाले स्टाफ की मिलीभगत व लेन-देन का मामला हो सकता है जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) से लेकर राज्य स्कूल शिक्षा विभाग तक निष्पक्ष जांच टीम गठित कर दोषी प्राचार्यों, शिक्षकों व कंप्यूटर ऑपरेटरों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग उठ रही है।











