टूट गई सपना चौधरी और वीर साहू की 6 साल पुरानी शादी, हरियाणवी क्वीन ने तोड़ी चुप्पी; बोलीं- ‘मैं सिर्फ पत्नी या मां बनकर नहीं रह सकती’
नई दिल्ली / चंडीगढ़: हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री की क्वीन और ‘बिग बॉस 11’ फेम सपना चौधरी ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर एक ऐसा खुलासा किया है, जिसने उनके करोड़ों फैंस को चौंका दिया है। सपना ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है कि पति वीर साहू के साथ उनका रिश्ता अब खत्म हो चुका है और दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया है। करीब छह साल पहले शादी के बंधन में बंधे इस चर्चित कपल के दो बच्चे भी हैं।
‘तीसरे व्यक्ति को राय बनाने का हक नहीं’
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में सपना चौधरी ने पहली बार अपने वैवाहिक जीवन में आई दरार पर खुलकर बात की। उन्होंने बेहद बेबाकी से कहा कि जब तक रिश्ते में सब कुछ सामान्य था, वे साथ थे, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। सपना ने कहा, “जब सब अच्छा था, हम साथ थे। अब अच्छा नहीं है, तो साथ नहीं हैं। शादी दो लोगों का रिश्ता था और इसके भीतर क्या चल रहा है, यह केवल मैं या सामने वाला ही समझ सकता है। किसी तीसरे इंसान को इसमें दखल देने या अपनी तरफ से कहानी बनाने का कोई अधिकार नहीं है।” इसके साथ ही उन्होंने लोगों से भावुक अपील की कि बिना पूरी सच्चाई जाने उनके निजी जीवन या बच्चों को लेकर कोई टिप्पणी न करें। टूट गई सपना चौधरी और वीर साहू की 6 साल पुरानी शादी, हरियाणवी क्वीन ने तोड़ी चुप्पी; बोलीं- ‘मैं सिर्फ पत्नी या मां बनकर नहीं रह सकती’

घरेलू हिंसा के विवाद से शुरू हुई थी अनबन
गौरतलब है कि सपना और वीर साहू के रिश्तों में खटास की खबरें इस साल की शुरुआत में तब सुर्खियों में आई थीं, जब सपना ने पति के खिलाफ घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में दिल्ली की द्वारका महिला अदालत ने सपना को अंतरिम राहत देते हुए वीर साहू के उनसे संपर्क करने पर रोक लगा दी थी। इसी कानूनी कार्रवाई के बाद से दोनों के तलाक और अलगाव की अटकलें लगाई जा रही थीं, जिस पर अब खुद सपना ने मुहर लगा दी है।
अपनी पहचान बचाने के लिए लिया बड़ा फैसला
शादी के बाद जीवन में आए उतार-चढ़ावों का जिक्र करते हुए सपना ने बताया कि करियर के शिखर पर रहते हुए उन्होंने शादी की थी। उन्होंने पत्नी, मां और बहू के रूप में घर-परिवार की हर जिम्मेदारी को निभाने की पूरी कोशिश की, लेकिन धीरे-धीरे उन्हें महसूस होने लगा कि इन रिश्तों के बीच उनका अपना वजूद और पहचान कहीं खोती जा रही है। सपना ने कहा, “एक समय के बाद मुझे एहसास हुआ कि मेरी जिंदगी का मकसद केवल किसी की पत्नी, मां या ननद बनकर रहना नहीं हो सकता।” पारिवारिक बंधनों से ऊपर उठकर अपनी स्वतंत्र पहचान को प्राथमिकता देने के सपना के इस बयान की सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा हो रही है।












