Saturday, May 9, 2026
Latest:
jabalpurमध्यप्रदेश

जबलपुर में नर्मदा से दिनदहाड़े रेत माफिया सक्रिय: कांग्रेस नेता ने LIVE कर खोली पोल, प्रशासन पर सवाल

जबलपुर में नर्मदा से दिनदहाड़े रेत माफिया सक्रिय: कांग्रेस नेता ने LIVE कर खोली पोल, प्रशासन पर सवाल।मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में नर्मदा नदी से अवैध रेत खनन का मामला सामने आया है। चरगवां से शहपुरा के बीच स्थित मालकच्छार घाट पर दिनदहाड़े रेत माफिया द्वारा नदी के बीच से नाव के जरिए रेत निकालने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

यह खुलासा संजय यादव (कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक) ने किया, जिन्होंने मौके से लाइव प्रसारण कर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए।

दिनदहाड़े चल रहा अवैध खनन

वीडियो में साफ दिख रहा है कि मजदूर नाव के जरिए नदी के बीच से रेत निकालकर किनारे ला रहे हैं। खास बात यह है कि यह सब खुलेआम और दिन के समय हो रहा था।

थाने के सामने से गुजर रहे डंपर

स्थानीय लोगों के मुताबिक रेत से भरे हाइवा और डंपर शहपुरा थाने के सामने से गुजरते हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती। इससे प्रशासन और माफिया की मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है।

ठेका बंद, फिर भी निकासी जारी

नियमों के अनुसार नर्मदा नदी से रेत निकालने पर फिलहाल पाबंदी है, क्योंकि कोई वैध ठेका जारी नहीं है। इसके बावजूद नदी के बीच से गहराई में रेत निकालकर ऊंचे दामों में बेची जा रही है। 

कलेक्टर को दी चेतावनी

संजय यादव ने सोशल मीडिया पर कलेक्टर को संबोधित करते हुए लिखा—
“मां नर्मदा के घाट पर अवैध उत्खनन हो रहा है और प्रशासन कुंभकरण की नींद में है, इस पर तत्काल कार्रवाई करें।” 

प्रशासन की सफाई

शहपुरा एसडीएम मदन रघुवंशी ने कहा कि सूचना मिलने के बाद जांच टीम भेजी जा रही है। वहीं माइनिंग विभाग ने भी जांच का आश्वासन दिया है। 

पहले भी बदनाम रहे घाट

शहपुरा, चरगवां, बरगी, सिलुआ, जमतरा, खिरेहनी और मालकच्छार जैसे घाट पहले भी रेत चोरी के मामलों को लेकर चर्चा में रहे हैं।

Usha Pamnani

20 वर्षों से डिजिटल एवं प्रिंट मीडिया की पत्रकारिता में देश-विदेश, फ़िल्म, खेल सहित सामाजिक खबरों की एक्सपर्ट, वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में वरिष्ठ जिला प्रतिनिधि