लैपटॉप पर चलाते हैं WhatsApp Web? गृह मंत्रालय की साइबर विंग ने जारी की हाई-अलर्ट एडवाइजरी, हैकिंग और डेटा चोरी का मंडरा रहा है खतरा
नई दिल्ली: अगर आप भी ऑफिस या घर के लैपटॉप-कंप्यूटर पर WhatsApp Web का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की साइबर विंग I4C (इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर) ने WhatsApp Web के उपयोग को लेकर एक नई और सख्त एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी में ऑथेंटिकेटेड WhatsApp Web सेशन के जरिए बड़े साइबर फ्रॉड, पहचान चोरी (Identity Theft) और डेटा लीक होने की गंभीर आशंका जताई गई है।
क्यों जारी की गई चेतावनी? I4C और नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक यूनिट (NCTAU) की निगरानी में यह सामने आया है कि हाल के दिनों में हैकर्स ने सक्रिय WhatsApp Web सेशन के जरिए साइबर ठगी की कोशिशें तेज कर दी हैं। यदि कोई हैकर आपके WhatsApp Web सेशन का एक्सेस हासिल कर लेता है, तो वह न केवल आपके निजी मैसेज पढ़ सकता है, बल्कि आपकी पहचान का इस्तेमाल कर आपके कॉन्टैक्ट्स को मैसेज भेजकर ठगी भी कर सकता है।
WhatsApp Web इस्तेमाल करते समय इन 8 बातों का रखें खास ध्यान
गृह मंत्रालय की साइबर विंग ने सरकारी, गैर-सरकारी दफ्तरों और आम यूजर्स के लिए सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी किए हैं
संवेदनशील जानकारी साझा न करें
दफ्तरों में काम करने वाले यूजर्स WhatsApp Web के माध्यम से गोपनीय या संवेदनशील दस्तावेज व जानकारियां साझा करने से बचें।
परमानेंट लॉग-इन से बचें
अपने लैपटॉप या पीसी पर WhatsApp Web को हमेशा लॉग-इन (Stay signed in) करके न रखें, इससे हैकिंग का खतरा बढ़ जाता है।
टैब बंद करने की गलती न करें
काम खत्म होने के बाद केवल ब्राउजर का टैब बंद न करें, बल्कि अकाउंट को अनिवार्य रूप से लॉग-आउट (Log out) करें। केवल टैब बंद करने से अकाउंट लॉग-आउट नहीं होता और कोई भी बाद में उसका दुरुपयोग कर सकता है।
Incognito Mode का करें उपयोग
घर या ऑफिस में WhatsApp Web का इस्तेमाल करते समय ब्राउजर के ‘Incognito Mode’ या ‘प्राइवेट ब्राउजिंग’ का ही उपयोग करें।
पब्लिक कंप्यूटर से बनाएं दूरी
साइबर कैफे या किसी भी पब्लिक कंप्यूटर पर अपना WhatsApp Web लॉग-इन करने से सख्त परहेज करें।
हर सेशन के बाद लॉग-आउट जरूरी
काम पूरा होते ही तुरंत लॉग-आउट करने की आदत डालें, सेशन को खुला छोड़ना सेंधमारी को न्योता देना है।
ब्राउजर और डिवाइस अपडेट रखें
अपने कंप्यूटर/लैपटॉप के ऑपरेटिंग सिस्टम और वेब ब्राउजर को हमेशा लेटेस्ट वर्जन पर अपडेट रखें, ताकि सुरक्षा खामियों का फायदा उठाकर हैकर्स सेंध न लगा सकें।
संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत करें शिकायत
यदि आपको अपने WhatsApp अकाउंट में कोई भी असामान्य गतिविधि (जैसे अनजान डिवाइस से लॉग-इन या बिना भेजे गए मैसेज) दिखाई दे, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर या आधिकारिक साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।












