चीनी की कीमतों पर लगाम लगाने के लिए सरकार का नया ‘मास्टरप्लान’, अब इंडस्ट्री के भरोसे नहीं बैठेगी; खुद हर महीने तैयार करेगी प्रोडक्शन का डेटा
नई दिल्ली: देश में चीनी की कीमतों को नियंत्रण में रखने और घरेलू बाजार में पर्याप्त सप्लाई बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ा नीतिगत बदलाव करने का फैसला किया है। 2026-27 के शुगर सीजन में सरकार अब चीनी उत्पादन (प्रोडक्शन) के अनुमान के लिए इंडस्ट्री एसोसिएशन के आंकड़ों पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहेगी, बल्कि खुद अपना अलग और सटीक अनुमान तैयार करेगी। इसके लिए देश की सभी चीनी मिलों से हर महीने गन्ने की पेराई (क्रशिंग) और चीनी उत्पादन का सीधा डेटा जुटाया जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार, इस नई व्यवस्था के तहत देश की प्रत्येक चीनी मिल को हर महीने सरकार को चार बिंदुओं पर रिपोर्ट देनी होगी
- अब तक कितने गन्ने की क्रशिंग (पेराई) हुई है।
- उस गन्ने से कितनी चीनी का उत्पादन हुआ है।
- पूरे सीजन में कुल कितने गन्ने की क्रशिंग होने का अनुमान है।
- सीजन के अंत तक कुल कितना चीनी प्रोडक्शन हो सकता है।
सरकार मिलों से मिलने वाले इस सीधे डेटा को राज्यों के गन्ना आयुक्तों (Cane Commissioners) के आंकड़ों के साथ मिलाकर हर महीने अपडेट करेगी। इस संबंध में 27 नवंबर को राज्यों के गन्ना आयुक्तों की एक अहम बैठक प्रस्तावित है, जिसके बाद सरकार का पहला आधिकारिक अनुमान जारी होने की उम्मीद है।
पिछले सीजन के ‘गलत अनुमान’ से बिगड़ गया था पूरा गणित
सरकार को यह सख्त कदम पिछले सीजन (2025-26) के कड़वे अनुभव के बाद उठाना पड़ा है। जुलाई 2025 में ‘इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन’ ने 3.49 करोड़ टन चीनी उत्पादन का अनुमान जताया था। बंपर उत्पादन की उम्मीद में सरकार ने नवंबर 2025 और फरवरी 2026 में मिलाकर कुल 20 लाख टन चीनी के एक्सपोर्ट (निर्यात) की मंजूरी दे दी।
लेकिन बाद में उत्पादन का अनुमान घटकर 3.2 करोड़ टन रह गया। इससे घरेलू बाजार में चीनी की कमी और महंगाई बढ़ने का खतरा पैदा हो गया। स्थिति संभालने के लिए सरकार को 30 सितंबर 2026 तक एक्सपोर्ट पर पूरी तरह रोक लगानी पड़ी। इतना ही नहीं, 20 अगस्त को सरकार को चीनी पर लगने वाली 100 फीसदी इंपोर्ट ड्यूटी (आयात शुल्क) खत्म कर करीब 10 लाख टन चीनी विदेश से मंगाने की अनुमति देनी पड़ी। करीब एक दशक में यह पहली बार था जब पहले एक्सपोर्ट की इजाजत देने के बाद उसी सीजन में चीनी इंपोर्ट करनी पड़ी। इसी स्थिति से बचने के लिए अब सरकार ने खुद निगरानी करने का फैसला किया है।











