बदलेगा ‘वेस्ट बंगाल’ का नाम: कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब अंग्रेजी में भी ‘पश्चिम बंग’ कहलाएगा राज्य, 9 दिसंबर को विधानसभा में आएगा प्रस्ताव
कोलकाता: पश्चिम बंगाल का नाम बदलने को लेकर राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की है कि अब अंग्रेजी में भी राज्य का नाम ‘वेस्ट बंगाल’ (West Bengal) के बजाय ‘पश्चिम बंग’ (Paschim Banga) रखा जाएगा। सोमवार को कोलकाता स्थित राज्य सचिवालय में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को आधिकारिक मंजूरी दे दी गई। सरकार अब आगामी 9 दिसंबर को राज्य विधानसभा में इस संबंध में प्रस्ताव पेश करेगी।
1947 के विभाजन के इतिहास से जुड़ा है फैसला: सीएम कैबिनेट बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस बदलाव को राज्य के इतिहास से जुड़ा बताया। उन्होंने कहा, “यह प्रस्तावित बदलाव 20 जून 1947 को विभाजन के दौरान पश्चिम बंगाल के गठन के इतिहास से जुड़ा है और यह बदलाव होना ही चाहिए। अंग्रेजी में भी अब राज्य को ‘Paschim Banga’ के रूप में ही लिखा जाना चाहिए। 9 दिसंबर को विधानसभा में प्रस्ताव लाने के बाद इसे केंद्र सरकार और फिर संसद की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।”
संवैधानिक प्रक्रिया और नाम बदलने का पुराना इतिहास
भारतीय संविधान के अनुच्छेद 3 के अनुसार, विधानसभा से प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा और अंतिम बदलाव के लिए संसद में कानून पारित होना अनिवार्य है। गौरतलब है कि राज्य का नाम बदलने की कवायद एक दशक से भी अधिक पुरानी है:
साल 2011: तत्कालीन सरकार ने राज्य का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंग’ (Paschim Banga) या ‘पश्चिम बंगो’ करने का प्रस्ताव रखा था, जिसे केंद्र से मंजूरी नहीं मिल पाई थी।
साल 2016 से 2018: तत्कालीन तृणमूल कांग्रेस सरकार ने सभी भाषाओं में राज्य का नाम ‘बांग्ला’ (Bangla) करने का प्रस्ताव रखा और जुलाई 2018 में विधानसभा से इसे पारित भी कराया, लेकिन केंद्र सरकार ने उस प्रस्ताव को भी स्वीकृति नहीं दी थी।
कैबिनेट बैठक के अन्य महत्वपूर्ण फैसले नाम बदलने के प्रस्ताव के अलावा सोमवार की कैबिनेट बैठक में रोजगार और जनकल्याण से जुड़े कई अन्य अहम निर्णय भी लिए गए
10,146 पदों पर भर्ती: सरकार के एक लाख भर्तियों के लक्ष्य के तहत राज्य के विभिन्न विभागों में 10,146 नए पदों पर भर्ती को मंजूरी दी गई है।
परीक्षा शुल्क माफ: भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले बेरोजगार युवाओं की परीक्षा फीस अब राज्य सरकार वहन करेगी; आवेदकों को कोई शुल्क नहीं देना होगा।
गौशालाओं को सहायता: ‘गोकुल मिशन सपोर्ट’ पहल के तहत राज्य की गौशालाओं को 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का फैसला किया गया है।
शीतकालीन सत्र: राज्य विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 दिसंबर से शुरू होगा, जिसके दौरान कुल आठ विधेयक पेश किए जाएंगे।












