भोपाल। छत्तीसगढ़ के रायपुर शहर से चोर पकड़ कर वापस आ रही पुलिस टीम हादसे का शिकार हो गई। बेतूल-नागपुर फोरलेन पर पुलिस की गाड़ी खड़े हुए ट्रक में पीछे से जा घुसी। इस एक्सीडेंट में सब इंस्पेक्टर विनोद शंकर यादव की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई जबकि एक एएसआई और 2 आरक्षक गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिन्हें नागपुर रेफर किया गया है।
बेतूल-नागपुर फोरलेन एक्सीडेंट- SI का शव गैस कटर से काटकर निकालना पड़ा
एसडीओपी नितेश पटेल ने बताया कि चोरी के मामले में दो आरोपितों को रायपुर से पकड़कर लाते वक्त रात करीब ढाई बजे दुर्घटना हुई है। टक्कर में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे सब इंस्पेक्टर विनोद शंकर यादव के शव को गैस कटर की मदद से कार के हिस्से काटकर बाहर निकाला गया।
चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लौटते वक्त हुआ हादसा
एसआइ विनोद यादव कार में सबसे आगे चालक के साथ बैठे थे। बीच की सीट पर तीनों पुलिसकर्मी सहायक उप निरीक्षक दिलीप तांडेकर, आरक्षक नवीन रघुवंशी और एक अन्य आरक्षक बैठे हुए थे और सबसे पीछे चोरी के दो आरोपित बैठे थे। दुर्घटना में आरोपितों को भी मामूली चोटें आई हैं। एसपी सिमाला प्रसाद ने बताया कि चोरी के मामले में बैतूल से चार सदस्यीय टीम दो दिन पहले रायपुर भेजी गई थी। रात में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लौटते वक्त दुर्घटना हुई है।
हादसा छिंदवाड़ा जिले के पांढुर्ना के समीप हुआ है जिसमें बैतूल जिले के पाढर पुलिस चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर विनोद शंकर यादव की दर्दनाक मौत हो गई। घायल हो गए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नागपुर के अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया है।