रेडीमेड कपड़ा व्यवसायियों ने की मांग,शहर से बाहर विकसित हो ‘रेडीमेड कपड़ा कॉम्प्लेक्स’ नगर की भीड़भाड़ और यातायात दबाव कम करने की पहल 

रेडीमेड कपड़ा व्यवसायियों ने की मांग,शहर से बाहर विकसित हो ‘रेडीमेड कपड़ा कॉम्प्लेक्स’ नगर की भीड़भाड़ और यातायात दबाव कम करने की पहल

शहर के थोक रेडीमेड वस्त्र व्यापारियों ने नगर पालिक निगम महापौर को ज्ञापन सौंपते हुए कटनी में एक पृथक रेडीमेड कपड़ा कॉम्प्लेक्स विकसित किए जाने की मांग दोहराई है। होलसेल रेडीमेड वस्त्र विक्रेता एसोसिएशन ने कहा है कि व्यापार के निरंतर विस्तार और शहर की यातायात समस्या को देखते हुए अब एक संगठित, सुव्यवस्थित और शहर की मुख्य व्यावसायिक भीड़ से अलग मार्केट की आवश्यकता अत्यंत जरूरी हो गई है। एसोसिएशन के अध्यक्ष कन्हैया लाल पोपटानी, उपाध्यक्ष दिलीप कुमार जशनानी, सचिव निकेश कुमार तीर्थानी सहित पूरी कार्यकारिणी ने महापौर को सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया कि 4 अप्रैल 2022 को कलेक्टर सभागार में आयोजित बैठक में मिले निर्देशों के बाद एसोसिएशन ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया है कि भूमि आवंटन मिलते ही सभी थोक व्यापारी अपना व्यवसाय नए रेडीमेड कॉम्प्लेक्स में स्थानांतरित कर देंगे। व्यापारियों ने बताया कि शहर के मध्य में होलसेल व्यापार चलने से रोजाना भारी भीड़, पार्किंग संकट और यातायात जाम की स्थिति बनती है। ऐसे में भविष्य को देखते हुए एक नया समर्पित कॉम्प्लेक्स न सिर्फ व्यापारियों बल्कि आम नागरिकों के लिए भी राहत भरा कदम होगा। एसोसिएशन के अनुसार कटनी में वर्तमान में लगभग 200 थोक रेडीमेड व्यापारी सक्रिय हैं, जिनमें से 150 व्यापारी एसोसिएशन के सदस्य हैं। अन्य व्यापारी भी कॉम्प्लेक्स विकसित होने पर उससे जुड़ने को तैयार हैं। व्यापारियों का कहना है कि “भूमि आवंटन मिलते ही हम शासन द्वारा निर्धारित सभी नियम व मानकों का पूर्ण पालन करते हुए कॉम्प्लेक्स निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर देंगे।” एसोसिएशन ने महापौर महोदया से अनुरोध किया है कि इस बहुप्रतीक्षित रेडीमेड कपड़ा कॉम्प्लेक्स की प्रक्रिया को शीघ्र प्रारंभ करने की दिशा में पहल की जाए, ताकि शहर में व्यापारिक गतिविधियां बेहतर ढंग से संचालित हों और यातायात व्यवस्था भी सुचारू हो सके।

Exit mobile version