Saturday, May 2, 2026
FEATUREDjabalpurLatestमध्यप्रदेश

Railway: बीना में दोनों ओर से आ रही थी ट्रेनें और पटरी पर आ गया ट्रक, ऐसे टला बड़ा हादसा

बीना। सोमवार की सुबह रेल पटरियों पर काम कर रहे रेल कर्मियों की सतर्कता ने बड़ा हादसा टाल दिया। दरअसल भोपाल से झांसी की ओर एक नॉन स्टॉप तथा झांसी से बीना की ओर कुशीनगर एक्सप्रेस पटरी पर धड़धड़ाती चली आ रही थी, अचानक रेलवे लाइन पर एक ट्रक पहुंच गया।

ट्रक को रेल पटरी पर देख गैंगमेन दौड़े और दोनों तरफ से आ रही रेल गाड़ियों को रुकवाया। बीना-झांसी रेल लाइन पर बन रहे ओवर ब्रिज के लिए रेलवे ने रेलवे क्रासिंग बंद कर दी थी। झांसी फाटक नाम की इस रेल क्रासिंग को तो बंद कर दिया गया था, लेकिन रेलवे लाइन तक आने-जाने वाले रास्ते को बेरीकेटिंग लगाकर बंद नहीं किया गया था।

सोमवार की सुबह 7.30 के आसपास ट्रक क्रमांक एमपी 15 जी 2686 के चालक ने नशे में इसी रेलवे क्रासिंग पर ट्रक चढ़ा दिया। यह ट्रक बीना-झांसी अप व डाउन रेलवे ट्रेक पर फंस गया। जैसे ही रेल पटरियों पर काम कर रहे रेल कर्मचारियों ने ट्रक को रेल पटरी पर देखा, तत्काल भोपाल व झांसी एंड की ओर दौड़े। दरअसल अप और डाउन दोनों ट्रेक पर गाड़ियां लगी हुईं थीं। रेल कर्मचारियों ने गाड़ियों के आगे आकर इशारा किया, जिसे समझ दोनों गाड़ियों के पायलटों ने ट्रेन रोक दी।

इधर रेल पटरी पर ट्रक फंसने की जानकारी जैसे ही रेल अधिकारियों को लगी, सभी आनन-फानन में पहुंच गए। एडीईएन अरविंद कुमार ने उपस्थित लोगों की मदद से धक्का लगाकर ट्रक को रेलवे लाइन से हटवाने की कोशिश की। लेकिन उसमें सफल नहीं हुए। तब हाइड्रा मंगाया गया। 8 बजकर 15 मिनट के आसपास हाइड्रा की मदद से ट्रक को रेलवे ट्रेक से हटाया जा सका। तब तक दोनों तरफ चार गाड़ियां लगभग 50 मिनट तक खड़ी रहीं।

Ashutosh Shukla

30 वर्षों से सकारात्मक पत्रकारिता का अनुभव