राहुल गांधी हिरासत में, प्रियंका गांधी समेत 250 लोग पुलिस के कब्जे में; 9 घंटे के हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद खाली कराया गया आकाशवाणी भवन परिसर

यशभारत डॉट कॉम नई दिल्ली। चुनाव प्रणाली में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस और विपक्षी इंडिया गठबंधन के सांसदों का प्रदर्शन देर शाम हाई वोल्टेज ड्रामे में बदल गया। करीब नौ घंटे तक चले धरने के बाद दिल्ली पुलिस ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत करीब 250 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।

 

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आकाशवाणी भवन परिसर से बाहर निकालकर परिसर खाली करा दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक हिरासत में लिए गए लोगों में करीब 50 सांसद भी शामिल हैं। सभी को किंग्सवे कैंप स्थित न्यू पुलिस लाइंस ले जाया जा रहा है।

 

पेड़ के नीचे धरने पर बैठे थे राहुल गांधी

 

इससे पहले विपक्षी इंडिया गठबंधन के सांसदों ने संसद मार्ग से निर्वाचन आयोग मुख्यालय तक मार्च निकाला था। पुलिस ने मार्च को बीच में ही रोक दिया और कई सांसदों व नेताओं को हिरासत में ले लिया।

 

इसी दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा निर्वाचन आयोग कार्यालय पहुंचने की कोशिश में आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश कर गए। दोनों नेता परिसर में एक पेड़ के नीचे बैठकर धरने पर बैठ गए। उनके साथ कांग्रेस के कई अन्य नेता और सांसद भी मौजूद रहे।

 

प्रदर्शनकारियों की मांग है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाया जाए और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को रद्द किया जाए।

 

पुलिस ने जबरन हटाया

 

करीब नौ घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस ने आकाशवाणी भवन परिसर को खाली कराने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा, के. सुरेश, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और इमरान प्रतापगढ़ी सहित कांग्रेस नेताओं और सांसदों को पुलिस ने जबरन हटाया।

 

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

 

इंडिया गठबंधन के मार्च से दिल्ली में लगा लंबा जाम

 

विपक्षी सांसदों के मार्च और भारी पुलिस बल की तैनाती के चलते लुटियंस दिल्ली में यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही। इंडिया गेट, कनॉट प्लेस, संसद मार्ग और जंतर-मंतर समेत कई इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

 

पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए कई सड़कों को बंद किया और कुछ मार्गों पर डायवर्जन लागू किया। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग घंटों जाम में फंसे रहे, जबकि कुछ लोगों ने वाहन छोड़कर मेट्रो या पैदल अपने गंतव्य तक पहुंचने का रास्ता चुना।

 

अब सभी की नजर इस बात पर है कि राहुल गांधी और अन्य नेताओं की हिरासत के बाद कांग्रेस और विपक्षी इंडिया गठबंधन आगे क्या कदम उठाता है।

↑
Exit mobile version