बिजली दफ्तर में कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर उठे सवाल, जांच की मांग

बिजली दफ्तर में कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर उठे सवाल, जांच की मां
कटनी। मध्य प्रदेश कांग्रेस जन समस्या निवारण प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष सतवीर सिंह भाटिया ने कलेक्टर कटनी को शिकायत सौंपकर सिविल लाइन स्थित मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (MPPKVVCL) कार्यालय की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की उपस्थिति की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 11 अगस्त को दोपहर करीब 3:10 बजे श्री भाटिया कार्यालय पहुंचे। इस दौरान कई अधिकारी एवं कर्मचारी अपने निर्धारित कार्यस्थल पर मौजूद नहीं मिले। वहीं, विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए आम नागरिक कार्यालय में मौजूद थे। कर्मचारियों की अनुपस्थिति के चलते उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करने और बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने की स्थिति बनने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने कार्यालय की उपस्थिति पंजिका, बायोमेट्रिक एवं ऑनलाइन अटेंडेंस तथा CCTV फुटेज की जांच कर वास्तविक उपस्थिति की पुष्टि करने की मांग की है। साथ ही कार्यालयीन समय में कर्मचारियों द्वारा शासकीय कार्यों के बजाय मोबाइल अथवा अन्य गैर-शासकीय गतिविधियों में समय व्यतीत किए जाने के आरोपों की भी जांच की मांग की गई है।
सोलर कार्यों में प्राथमिकता के आरोपों की भी जांच की मांग
शिकायत में MPPKVVCL के सोलर कार्यों से जुड़े अधिकृत विक्रेताओं की कार्यप्रणाली की जांच का मुद्दा भी उठाया गया है। विशेष रूप से निजी संस्था ARM Solar Solutions से संबंधित स्वीकृत फाइलों, उनके निराकरण में लगने वाले समय तथा अन्य अधिकृत विक्रेताओं की तुलना में किसी प्रकार की प्राथमिकता अथवा पक्षपात किए जाने के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
शिकायत की प्रतिलिपि ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव, MPPKVVCL के प्रबंध निदेशक, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता और कार्यपालन अभियंता को भी भेजी गई है।
सतवीर सिंह भाटिया ने मांग की है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जाए और यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई की जाए।








