katniमध्यप्रदेश

गणेश विसर्जन को लेकर पुलिस ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था, एसपी ने घाटों का किया निरीक्षण

गणेश विसर्जन को लेकर पुलिस ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था, एसपी ने घाटों का किया निरीक्ष

कटनी, 19 सितंबर। आगामी सामाजिक एवं धार्मिक त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए कटनी पुलिस ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा ने शनिवार को जिले के प्रमुख नदी एवं तालाब घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक ने गणेश विसर्जन के मद्देनजर गाटर घाट, माई नदी, मोहन घाट, मसुरहा घाट, चाका तालाब, पुरैनी कुंड, पीर बाबा, रपटा घाट एवं छपरवाह घाट सहित अन्य विसर्जन स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान घाटों पर पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई। एसपी ने आगामी त्योहारों के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा असामाजिक तत्वों पर सतत नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए पुलिस, स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।

भ्रमण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य, डीएसपी मुख्यालय श्री रत्नेश मिश्रा, डीएसपी अजाक सुश्री शिवा पाठक, थाना प्रभारी कोतवाली, थाना प्रभारी यातायात सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस की आमजन से अपील

कटनी पुलिस ने आमजन से आगामी सामाजिक एवं धार्मिक त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाने की अपील की है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से नदी एवं तालाब घाटों पर प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा निर्देशों का पालन करने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया है।

Back to top button