स्थानीय वेंडर्स का काम बंद करने के प्रयास पर विधायक संजय सत्येंद्र पाठक सख्त, एसीसी अडानी सीमेंट प्रबंधन को लिखा पत्र

IMG 8533426b 7247 456d ad54 d9bfbce50e8a

स्थानीय वेंडर्स का काम बंद करने के प्रयास पर विधायक संजय पाठक सख्त, एसीसी अडानी सीमेंट प्रबंधन को लिखा पत्र

स्थानीय वेंडर्स को ही काम जारी रखने की मांग, बाहरी वेंडर्स को कार्य सौंपने पर जताया विरोध, मजदूर संघ के आवेदन पर विधायक ने लिया संज्ञान

कटनी/कैमोर (YASHBHARAT.COM)। कैमोर स्थित एसीसी अडानी सीमेंट प्लांट में स्थानीय वेंडर्स का काम बंद कर बाहरी वेंडर्स को कार्य सौंपने के कथित प्रयास का मामला अब तूल पकड़ता नजर आ रहा है। स्थानीय वेंडर्स के हितों और उनके रोजगार से जुड़े इस मुद्दे पर विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने प्लांट के एचआर हेड को पत्र लिखकर स्थानीय वेंडर्स का काम यथावत जारी रखने तथा बाहरी वेंडर्स को काम सौंपने के मामले में नियमानुसार उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

मजदूर संघ ने विधायक को सौंपा था आवेदन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कैमोर सीमेंट एवं खदान मजदूर संघ (भारतीय मजदूर संघ), कैमोर द्वारा विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक को एक आवेदन सौंपा गया था। आवेदन में संघ ने प्लांट प्रबंधन पर आरोप लगाया था कि स्थानीय स्तर पर वर्षों से कार्य कर रहे वेंडर्स का काम बंद कर बाहरी वेंडर्स को कार्य सौंपने की तैयारी की जा रही है। संघ ने इस संभावित निर्णय का विरोध करते हुए कहा था कि इससे स्थानीय वेंडर्स के रोजगार और उनकी आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। संघ ने मांग की थी कि स्थानीय वेंडर्स का काम पूर्ववत जारी रखा जाए और उन्हें उनके कार्यों से वंचित न किया जाए।

इसे भी पढ़ें-  11/11/2026 Jammu Kashmir Kulgam mein aatanki hamla: सुरक्षाबलों पर बड़ा हमला, CRPF के जवान घायल; इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी

प्लांट प्रबंधन से स्थानीय वेंडर्स को प्राथमिकता देने की मांग

मजदूर संघ के आवेदन को गंभीरता से लेते हुए विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने एसीसी अडानी सीमेंट प्लांट के एचआर हेड को पत्र प्रेषित किया है। पत्र के माध्यम से उन्होंने स्पष्ट रूप से मांग की है कि कैमोर प्लांट में स्थानीय वेंडर्स का कार्य बंद कर बाहरी वेंडर्स को काम न सौंपा जाए। साथ ही स्थानीय वेंडर्स को ही काम जारी रखने के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विधायक ने प्लांट प्रबंधन से इस मामले में उचित पहल करने और स्थानीय स्तर पर कार्यरत वेंडर्स के हितों को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा जताई है। पत्र की प्रतिलिपि कैमोर सीमेंट एवं खदान मजदूर संघ (भारतीय मजदूर संघ) के अध्यक्ष एवं महामंत्री को भी सूचनार्थ भेजी गई है।

स्थानीय रोजगार के मुद्दे पर टिकीं निगाहें

कैमोर औद्योगिक क्षेत्र में स्थानीय वेंडर्स लंबे समय से विभिन्न कार्यों के माध्यम से अपनी आजीविका चला रहे हैं। ऐसे में उनके कार्य बंद होने की आशंका ने संबंधित लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय वेंडर्स का रोजगार केवल उनके व्यवसाय तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे अनेक परिवारों की आर्थिक स्थिति भी जुड़ी हुई है। अब विधायक द्वारा पत्र लिखे जाने के बाद प्लांट प्रबंधन की अगली कार्रवाई पर क्षेत्रवासियों, स्थानीय वेंडर्स और श्रमिक संगठनों की निगाहें टिकी हुई हैं। सभी को उम्मीद है कि प्रबंधन स्थानीय हितों और रोजगार के महत्व को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेगा तथा स्थानीय वेंडर्स का काम पूर्ववत जारी रखने की दिशा में सकारात्मक पहल करेगा।