पन्ना के पवई बीमारी का कहर, दो दिन में पाँच लोगों की मौत से दहशत

Picsart 25 08 29 13 06 29 436

पन्ना के पवई बीमारी का कहर, दो दिन में पाँच लोगों की मौत से दहश

कटनी/पन्ना। पन्ना के पवई के ग्राम बम्होरी में अचानक फैली बीमारी ने कोहराम मचा दिया है। केवल दो दिनों में पाँच ग्रामीणों की मौत हो चुकी है, जिससे पूरे गाँव में दहशत का माहौल है। चौंकाने वाली बात यह है कि ग्रामीण पिछले सात दिनों से बीमार पड़ रहे थे, लेकिन स्वास्थ्य विभाग का अमला आँख मूँदे बैठा रहा।

गाँव में इस समय करीब 40 से 50 लोग बीमारी की चपेट में बताए जा रहे हैं। मात्र तीन दिनों में ही 25 से 30 लोग उल्टी-दस्त की चपेट में आ चुके हैं। हालत बिगड़ने के बाद गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गाँव पहुँची और सीएमएचओ डॉ. राजेश तिवारी ने मौके पर पहुँचकर सैंपल लिए तथा बीमारों को दवाएँ उपलब्ध कराईं। जिन लोगों की मौत हुई है उनमें 16 वर्षीय मनसो, 32 वर्षीय सेवक, 30 वर्षीय राधाबाई, 45 वर्षीय कंधेदी और 60 वर्षीय मुनीबाई शामिल हैं।

ग्रामीणों ने विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ध्यान दिया जाता तो मौतों को रोका जा सकता था। याद दिला दें कि पिछले वर्ष भी पवाई क्षेत्र के ग्राम पटोरी में उल्टी-दस्त के कारण सात मासूम बच्चों की मौत हो चुकी थी, इसके बावजूद विभाग नहीं चेता।

ग्रामवासी कैलाश विश्वकर्मा ने बताया कि गाँव में 15 दिनों से उल्टी-दस्त का प्रकोप है और एक दर्जन से अधिक लोग बीमार हैं। नजदीकी अस्पताल में डॉक्टर न होने से ग्रामीणों को नीम-हकीम के भरोसे इलाज कराना पड़ रहा है।

इसे भी पढ़ें-  PM Shri School Mega Scam: पीएमश्री स्कूल में शिक्षा व्यवस्था की उधड़ी धज्जियां; शिवपुरी में फेल व अनुपस्थित 71 छात्राओं को फर्जी तरीके से कर दिया पास

बीएमओ प्रशांत भदौरिया ने बताया कि जाँच में सामने आया है कि दो मौतें उल्टी-दस्त से हुईं जबकि तीन लोग क्षय रोग से मरे हैं। बावजूद इसके, दो दिनों में पाँच मौतों ने स्वास्थ्य अमले की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।