जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक के अनशन का 17वां दिन: ग्लूकोज लेवल गिरने से हालत बेहद नाजुक; बॉलीवुड हस्तियों ने कहा– ‘फुंसुक वांगडू को मरने मत देना’
नई दिल्ली: लद्दाख के जाने-माने शिक्षाविद, पर्यावरणविद् और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल लगातार 17वें दिन भी जारी है. दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे उनके इस शांतिपूर्ण संघर्ष ने अब पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. भूख हड़ताल के कारण उनकी सेहत लगातार गिरती जा रही है, जिसे लेकर अब कई बॉलीवुड हस्तियां, सामाजिक कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी उनके समर्थन में उतर आए हैं और सरकार से तुरंत बातचीत शुरू करने की गुहार लगाई है.
मेडिकल बुलेटिन: खतरनाक स्तर पर पहुंचा ब्लड ग्लूकोज
मंगलवार को कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके द्वारा सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत का ताजा स्वास्थ्य बुलेटिन (Health Bulletin) साझा किया गया, जिसने उनके शुभचिंतकों की चिंताएं बढ़ा दी हैं:
-
वजन में भारी गिरावट: इतने लंबे समय से अन्न का त्याग करने के कारण वांगचुक का वजन करीब 8.2 से 8.5 किलोग्राम तक कम हो गया है.
-
ब्लड प्रेशर (BP): उनका ब्लड प्रेशर गिरकर 109/70 पर आ गया है.
-
ग्लूकोज का स्तर: सबसे चिंताजनक बात यह है कि उनका ब्लड ग्लूकोज लेवल गिरकर खतरनाक रूप से 67 mg/dL तक पहुंच चुका है. उनकी मांसपेशियां कमजोर होने लगी हैं और वे असहनीय दर्द से गुजर रहे हैं.
सोनम वांगचुक का कड़ा संदेश:
जब समर्थकों और डॉक्टरों ने उनसे अनशन खत्म करने का आग्रह किया, तो उन्होंने दो टूक कहा-“मुझसे अनशन खत्म करने के लिए मत कहिए. इसके बजाय सरकार से पूछिए कि वे हमसे संवाद (बातचीत) क्यों नहीं कर रहे हैं?”
‘3 इडियट्स’ के सितारे आए साथ: ओमी वैद्य बोले-“फुंसुक वांगडू को मरने मत देना”
सोनम वांगचुक वही शख्सियत हैं जिनसे प्रेरित होकर बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘3 इडियट्स’ में आमिर खान का लोकप्रिय किरदार ‘फुंसुक वांगडू’ गढ़ा गया था. अब इस फिल्म में ‘चतुर’ का मशहूर किरदार निभाने वाले अभिनेता ओमी वैद्य ने एक भावुक वीडियो जारी कर कहा है:
“फिल्म में आमिर खान का किरदार सोनम पर ही आधारित था. उनकी बिगड़ती तबीयत को देखते हुए हमें देर होने से पहले उनके साथ खड़ा होना होगा. फुंसुक वांगडू को मरने मत देना.”
जीनत अमान की सरकार से सीधी अपील: “हम चुपचाप बैठने वाले समाज न बनें”
दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सोनम वांगचुक की तस्वीर साझा करते हुए एक विस्तृत और बेहद भावुक पोस्ट के जरिए केंद्र सरकार से खुला संवाद करने का आग्रह किया है: जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक के अनशन का 17वां दिन: ग्लूकोज लेवल गिरने से हालत बेहद नाजुक; बॉलीवुड हस्तियों ने कहा– ‘फुंसुक वांगडू को मरने मत देना’
-
महान विचारक को दांव पर न लगाएं: जीनत अमान ने लिखा कि वांगचुक कोई साधारण व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि वे ‘सेकमोल’ (SECMOL) के संस्थापक, आइस स्तूप के आविष्कारक और लद्दाख में शिक्षा सुधारों के अग्रदूत हैं.
-
संवाद है समाधान: उन्होंने याद दिलाया कि भारत में शांतिपूर्ण विरोध का एक लंबा इतिहास रहा है और सत्ता में बैठे लोगों का यह कर्तव्य है कि वे इस तरह के विरोध को शांतिपूर्ण बातचीत से सुलझाएं. हमें ऐसा समाज नहीं बनना चाहिए जो अपने देश के महानतम विचारकों में से एक को चुपचाप दांव पर लगते हुए देखे.
इसके साथ ही अभिनेता अभय देओल ने भी वांगचुक की एक चिंताजनक तस्वीर साझा कर टूटे हुए दिल के इमोजी (💔) के साथ अपनी गहरी फिक्र जाहिर की है.
नसीरुद्दीन शाह, अरुंधति रॉय समेत कई दिग्गजों का संयुक्त बयान
इस संवेदनशील आंदोलन के समर्थन में दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह, उनकी पत्नी व अभिनेत्री रत्ना पाठक शाह, जानी-मानी लेखिका अरुंधति रॉय और प्रसिद्ध अर्थशास्त्री जयंती घोष सहित कई अन्य प्रमुख गणमान्य लोगों ने एक संयुक्त बयान जारी किया है.
इन हस्तियों ने कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलनकारियों और प्रदर्शनकारियों के साहस, दृढ़ संकल्प और बहादुरी की जमकर सराहना की है. साथ ही, उन्होंने वांगचुक और अन्य प्रदर्शनकारियों के जीवन की रक्षा को सर्वोपरि बताते हुए उनसे इस अनिश्चितकालीन अनशन को समाप्त करने की भावुक अपील भी की है.
