Latestमध्यप्रदेश

OMG: मरीज भेजो और 30 प्रतिशत कमिशन लो, निजी अस्पताल का ऑडियो वायरल

Gwalior Health News: ग्वालियर, निजी अस्पताल खुला आफर दे रहे हैं, 30 प्रतिशत कमीशन पर मरीज भेजिए। ऐसा ही एक आडियो वायरल हुआ है, जो महाराजपुरा क्षेत्र में बीएसएफ कालोनी के पास स्थित ऋषिश्वर अस्पताल का है। इस अस्पताल का कर्मचारी झांसी के डाक्टर को फोन पर अपने अस्पताल की विशेषताएं बताते हुए आफर देता है।

आप मरीज भेजिए आपको 30 प्रतिशत कमीशन दिया जाएगा। हमारे अस्पताल में 24 घंटे गायनिक की डा.मनीषा तिवारी, ऑर्थो के डा.मनीष अग्रवाल और सर्जरी के डा.नवीन उपलब्ध हैं। जब डाक्टर बिगड़ता है, तो उक्त कर्मचारी से फोन डा.सपना ले लेती हैं और वह भी समझाने का प्रयास करती हैं। जिस पर डाक्टर उन्हें बुरी तरह से फटकारते हुए कहता है कि यह दलाली का धंधा मत खोलो और मेहनत करो, क्योंकि यह रकम आप मरीज से ही वसूलोगे।

जिसके बाद कॉल काट दी जाती है। मरीजों की दलाली का खेल शहर के निजी अस्पतालों में जमकर चल रहा है। जिसका खुलासा नईदुनिया पूर्व में स्टिंग करके कर चुका है। इसके बाद भी प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग द्वारा काेई कार्रवाई नहीं की गई। जब इस मामले में ऋषिश्रवर हास्पिटल के संचालक डा.मनीष अग्रवाल से जब फोन पर संपर्क किया तो उनसे बात नहीं हो सकी, तब उन्हें वाट्सएप व एमएमएस भी भेजा गया पर उनका कोई जबाव नहीं आया।

एंबुलेंस कमीशन पर पहुंचाती हैं मरीजः झांसी सहित अन्य जिलों से आने वाले मरीजों को एंबुलेंस चालक बेहतर उपचार दिलाने का भरोसा देकर निजी अस्पतालों में छोड़ जाते हैं। जहां पर मरीज को भर्ती कराने के नाम पर 20 हजार से लेकर इलाज में खर्च का 50 प्रतिशत तक कमीशन के रूप में एंबुलेंस चालक निजी अस्पतालों से लेते हैं।

सरकारी अस्पतालों में सक्रिय दलालः जिला अस्पताल से लेकर जेएएच में मरीजों की दलाली करने वाले दलाल सक्रिय हैं। कुछ समय पूर्व एक दलाल की बाइक को जेएएच के स्टाफ ने पकड़ भी ली थी, मगर पुलिस अभी तक उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर सकी है। बेहतर इलाज के लिए मरीज निजी अस्पताल में पहुंच तो जाता है, पर वहां उसके स्वास्थ्य से खिलवाड़ होने के साथ-साथ उसकी जेब को खाली करा लिया जाता है। जब हालत बिगड़ती है तो जेएएच रेफर कर दिया जाता है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम