Site icon Yashbharat.com

कोई कहीं नहीं जा रहा है: मैं जीतू कांग्रेसी था, हूं और रहूंगा, बोले पटवारी

jeetu Patwari

कोई कहीं नहीं जा रहा है: मैं जीतू कांग्रेसी था, हूं और रहूंगा, बोले पटवारी । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कमल नाथ के हवाले से कहा कि मेरी उनसे बात हुई है। उन्होंने कहा कि जो बातें मीडिया में आ रही हैं, सब भ्रम है। मैं कांग्रेसी था, हूं और रहूंगा। लोकतंत्र में हार-जीत लगी रहती है। हर परिस्थिति में उन्होंने दृढ़ता के साथ कांग्रेस के विचार के साथ जीवन जिया है और आगे भी कांग्रेस के विचारों के साथ अंतिम सांस तक जीवन जीएंगे।

यह भावना उनकी है, जो उन्होंने मुझे यह कही है। पटवारी ने कहा कि कमल नाथ के विरुद्ध षडयंत्र चल रहा है। भारतीय जनता पार्टी मीडिया-इंटरनेट मीडिया का दुरुपयोग कर कुचक्र चला रही है। किसी व्यक्ति की इतने सालों की निष्ठा पर कैसे सवाल खड़े किए जाते हैं, यह उसका एक उदाहरण है। कमल नाथ के स्थान पर उनके (पटवारी) द्वारा खंडन किए जाने पर कहा कि समय आने पर वे भी सामने आएंगे।

उधर, प्रदेश कांग्रेस ने सिंधिया के साथ और अलग-अलग समय पर पार्टी छोड़कर भाजपा जाने वालों की एक सूची जारी की है। इसमें बताया गया कि कुछ नेताओं को छोड़ दिया जाए तो अधिकतर हाशिए पर हैं। राहुल लोधी, इमरती देवी, लखन मीना, रमेश दुबे, जय सिंह दरबार, मुकेश काला, मोना सुस्तानी, ब्रजराज सिंह चौहान सहित अन्य की आज क्या स्थिति है।

नलखेड़ा में जीतू पटवारी ने कहा- कोई कहीं नहीं जा रहा है
पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ समेत कांग्रेस के विधायक और नेताओं के भाजपा में जाने की बात को प्रदेश कांग्रेस जीतू पटवारी ने नकार दिया है। उन्होंने नलखेड़ा में मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि सब मनगढ़ंत बातें हैं, कोई कहीं नहीं जा रहा है।

 

इस मौके पर उनके साथ सुसनेर से कांग्रेस विधायक भैरोंसिंह बापू, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री बाबूलाल यादव व कांग्रेस के स्थानीय नेता भी रहे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी शनिवार रात विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर पहुंचे थे। सपत्नीक उन्होंने मंदिर में दर्शन पूजन किए और सुख-समृद्धि की कामना की।

कांग्रेस नेता और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने फिर कहा कि कमल नाथ कांग्रेस नहीं छोड़ेंगे। ईडी, आइटी और सीबीआइ को जो दबाव सब पर है, उन पर भी है, लेकिन कमल नाथ का चरित्र दबाव में आने वालों का नहीं है। मेरी कमल नाथ से चर्चा हुई है। कांग्रेस नेतृत्व की भी उनसे चर्चा हो रही है।

भोपाल में रविवार को मीडिया से चर्चा में दिग्विजय सिंह ने कहा कि कमल नाथ ने कांग्रेस से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। हम सभी उन्हें इंदिरा गांधी का तीसरा सुपुत्र मानते हैं और उन्होंने हमेशा कांग्रेस का साथ दिया है। वे कांग्रेस के स्तंभ रहे हैं। कांग्रेस में उन्हें हर पद मिला है। केंद्रीय मंत्री रहे, एआइसीसी में महामंत्री रहे, मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और यहां के मुख्यमंत्री भी रहे। मुझे नहीं लगता कि वे पार्टी छोड़ेंगे। बता दें कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी कमल नाथ के भाजपा में जाने की अटकलों को खारिज कर चुके हैं।

विधायक और पार्टी पदाधिकारियों के संपर्क में पटवारी, सिंघार व कटारे
उधर, कमल नाथ, नकुल नाथ के समर्थकों समेत भारतीय जनता पार्टी में जाने की अटकलों के बीच प्रदेश कांग्रेस अपने विधायक और पार्टी पदाधिकारियों से संपर्क साध रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और उप नेता हेमंत कटारे ने विधायकों से चर्चा की। राम सिया भारती ने प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात की तो कुछ विधायकों ने फोन पर पटवारी को बताया कि वे कांग्रेस के ही साथ हैं।

विधायक असमंजस में
इस बीच, कमल नाथ के नजदीकी लोग भी विधायकों से संपर्क कर रहे हैं। कुछ विधायकों को दिल्ली पहुंचने के लिए भी कहा गया है, पर वे असमंजस में हैं। दरअसल, अब तक कमल नाथ ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। यही कारण है कि विधायक भी खुलकर कुछ नहीं कर रहे हैं। अभिजीत शाह सहित कई विधायकों ने तो साफ कर दिया है कि वे कांग्रेस के साथ हैं।

दोपहर तक नहीं खुले प्रदेश कांग्रेस के दरवाजे
कांग्रेस में मची सियासी हलचल के बाद भी रविवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के दरवाजे दोपहर तक नहीं खुले। राज्यसभा के लिए कांग्रेस के प्रत्याशी अशोक सिंह जब पहुंचे तो उन्होंने दरवाजे बंद देख कर्मचारियों को बुलवाया और फिर दरवाजे खुले। वे बाहर ही कार्यकर्ताओं के साथ कुछ देर बैठे रहे और चले गए।

Exit mobile version