हर घर तिरंगा’ से गूंजे निगम स्कूल, राष्ट्रगीत-राष्ट्रगान के साथ विद्यार्थियों ने दिखाई देशभक्ति की रंगत,के.सी.एस. कन्या उ.मा. विद्यालय में तिरंगा पेंटिंग व राखी निर्माण, साधुराम शाला में क्विज प्रतियोगिता से विद्यार्थियों ने बढ़ाया राष्ट्रप्रेम का उत्साह
‘हर घर तिरंगा’ से गूंजे निगम स्कूल, राष्ट्रगीत-राष्ट्रगान के साथ विद्यार्थियों ने दिखाई देशभक्ति की रंगत,के.सी.एस. कन्या उ.मा. विद्यालय में तिरंगा पेंटिंग व राखी निर्माण, साधुराम शाला में क्विज प्रतियोगिता से विद्यार्थियों ने बढ़ाया राष्ट्रप्रेम का उत्साह
कटनी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और अधिक सशक्त करने के उद्देश्य से नगर निगम क्षेत्र के विद्यालयों में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। अभियान के तहत मंगलवार को निगम के विद्यालयों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को अभिव्यक्त किया। इस दौरान शाला प्राचार्य एवं शिक्षकों की भी मौजूदगी रही।
अभियान के अंतर्गत के.सी.एस. कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक आयोजन किया गया। इसके साथ ही छात्राओं के लिए तिरंगा पेंटिंग एवं तिरंगा राखी निर्माण जैसी रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं। छात्राओं ने तिरंगे के तीनों रंगों और राष्ट्रीय प्रतीकों को अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति में उतारते हुए देशप्रेम का संदेश दिया।
इसी क्रम में साधुराम शाला में राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन के साथ क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय प्रतीकों एवं स्वतंत्रता दिवस से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी सामान्य ज्ञान एवं राष्ट्र संबंधी जानकारी का प्रदर्शन किया।
नगर निगम द्वारा विद्यालय स्तर पर आयोजित की जा रही ये गतिविधियां विद्यार्थियों को केवल स्वतंत्रता दिवस के आयोजन से जोड़ने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनमें राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और देशभक्ति की भावना को व्यवहारिक रूप से विकसित करने का माध्यम भी बन रही हैं। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से निगम क्षेत्र में विद्यालयों से लेकर नागरिकों तक तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रप्रेम का संदेश पहुंचाने का क्रम निरंतर जारी है।








