गणेश महोत्सव की तैयारियों को लेकर निगमाध्यक्ष मनीष पाठक का स्थल निरीक्षण, लिया जायज़ा, दिए आवश्यक दिशा-निर्दे
कटनी-निगमाध्यक्ष मनीष पाठक नें मंगलवार को गणेश चौक सिविल लाइन पहुंचकर गणेश महोत्सव स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ताकि त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। श्री पाठक नें स्थल पर श्री विध्न विनाशक गणेश मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से आयोजन के संबंध में चर्चा कर विस्तृत जानकारी ली ।
श्री विघ्न विनाशक मंदिर में किए दर्शन
निरीक्षण के पूर्व निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने गणेश चौक स्थित श्री विघ्न विनाशक मंदिर पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन किए और आगामी महोत्सव की सफलता तथा नगरवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
स्वच्छता और कीटनाशक छिड़काव के निर्देश
निरीक्षण के दौरान निगमाध्यक्ष श्री पाठक ने नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी को स्थल पर निर्देश दिए है कि, गणेश महोत्सव स्थल और उसके आस-पास के क्षेत्रों में सम्पूर्ण सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से कीटनाशक दवाओं के नियमित छिड़काव पर जोर दिया, ताकि लोगों को मच्छरों एवं अन्य हानिकारक जीवों से सुरक्षित वातावरण मिल सके।
प्रकाश और जलप्रदाय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
निगमाध्यक्ष मनीष पाठक नें निगम के विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि महोत्सव अवधि में स्थल पर समुचित प्रकाश व्यवस्था बनी रहे वहीं जलप्रदाय विभाग को निर्देश दिए कि स्थल पर एक पानी का टैंकर उपलब्ध कराया जाए, जिससे आयोजकों और श्रद्धालुओं को पानी की कोई कमी न हो।
प्रतिमा विक्रेताओं से की संवाद
निरीक्षण के उपरांत श्री पाठक फारेस्टर प्ले ग्राउंड के समीप पहुंचे, जहां गणेश प्रतिमाओं का विक्रय कर रहे स्थानीय व्यवसायियों से चर्चा की। उन्होंने व्यापारियों से उनकी समस्याएं सुनीं और उचित सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही उन्हें व्यवस्थित तरीके से दुकानें लगाने एवं स्वच्छता बनाए रखने की अपील भी की।
मिट्टी की मूर्तियों को लेकर विक्रेताओं से संवाद
श्री पाठक नें गणेश प्रतिमा विक्रेताओं से सीधा संवाद किया। बातचीत में मिट्टी की मूर्तियों को प्रोत्साहित करने के विषय में चर्चा की उन्होंने विक्रेताओं से पर्यावरण-संवेदनशील मूर्तियाँ बेचने की अपील की, जिससे नगर में स्वच्छ और टिकाऊ उत्सव का संदेश जाए।
प्रतिमा विसर्जन व्यवस्था पर चर्चा, कुंडों की जानकारी ली
गणेश प्रतिमा के विसर्जन को लेकर निगमाध्यक्ष श्री पाठक नें स्वास्थ्य अधिकारी से विभिन्न विसर्जन कुंडों की स्थिति और तैयारी की जानकारी ली,उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कुंडों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और प्रचार-प्रसार पहले से सुनिश्चित कर लिया जाए, जिससे नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निगमाध्यक्ष की पहल सराहनीयः नागरिकों में उत्साह
श्री मनीष पाठक द्वारा किए गए निरीक्षण और दिए गए निर्देशों से नगरवासियों में उत्साह का माहौल है,लोगों को विश्वास है कि इस बार का गणेश महोत्सव न केवल भव्य बल्कि सुव्यवस्थित भी होगा।
निरीक्षण के दौरान पार्षद सर्वश्री शशिकांत तिवारी सदस्य जिला योजना समिति, अवकाश जायसवाल,ओम प्रकाश बल्ली सोनी, श्री विघ्न विनाशक गणेश मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य टिंकू अग्रवाल,भावेश अग्रवाल,अर्पित अग्रवाल ब्राम्हण समाज के अध्यक्ष राज कुमार राजू शर्मा निगम के स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी,एस.आई.तेजभान सिंह दरोगा अतुल गुप्ता सहित क्षेत्रीय नागरिकों की उपस्थिति रही ।
