Site icon Yashbharat.com

MP Government Crisis:कांग्रेस विधायकों को जयपुर से वापस लाया जा रहा Bhopal

IMG 20200310 WA0040

Live MP Government Crisis Updates : मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन ने शनिवार देर रात सीएम कमलनाथ को पत्र लिखकर सोमवार को विधानसभा में फ्लोर टेस्ट कराने के लिए कहा है। इसके बाद कमलनाथ सरकार पर संकट और गहरा गया है।

आज शाम कांग्रेस विधायक दल की बैठक होना है, इसके लिए जयपुर से कांग्रेस विधायकों को भोपाल लाया जा रहा है। इस बीच विधानसभा अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद प्रजापति ने ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक 6 विधायकों के इस्तीफे मंजूर कर लिए। इस पर गोपाल भार्गव का कहना था कि 22 विधायकों ने इस्तीफे दिए तो सिर्फ 6 के इस्तीफे ही क्यों मंजूर किए गए। भाजपा भी अपने विधायकों को गुरुग्राम के होटल से भोपाल लाने की तैयारी कर रही है।

भोपाल एयरपोर्ट पर धारा 144, विधायकों के लिए बस तैयार

जयपुर से लौट रहे कांग्रेस विधायकों के लिए भोपाल एयरपोर्ट पर तैयारी पूरी कर ली गई है। एयरपोर्ट पर धारा 144 लागू की गई है। वहीं विधायकों को ले जाने के लिए बस भी तैयार खड़ी है। जैसे ही विशेष विमान से विधायक भोपाल आते हैं उन्हें यहां से तुरंत ले जाया जाएगा। उधर विमान में बैठने से पहले कांग्रेस विधायकों ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष फ्लोर टेस्ट को लेकर निर्णय लेंगे। भाजपा ने बेंगलुरु में जिन विधायकों को बंधक बना रखा है उन्हें तुरंत छोड़ा जाए। मध्य प्रदेश के जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि राज्यपाल के निर्णय पर सत्र शुरू हो गया है अब आगे का फैसला विधानसभा अध्यक्ष को लेना है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज्यपाल जी पर भी दबाव बना रही है।

08:37 AM

कांग्रेस विधायक दल की आज शाम होगी बैठक

कांग्रेस ने रविवार शाम को विधायक दल की बैठक बुलाई है। इसमें सत्र में विपक्ष द्वारा सरकार को घेरे जाने के खिलाफ रणनीति तैयार की जाएगी। इधर, विधायक दल के मुख्य सचेतक और संसदीय कार्य मंत्री डॉ. गोविंद सिंह ने पूरे सत्र के लिए व्हिप जारी किया है। इससे अब कांग्रेस विधायकों को सत्र के दौरान पूरे समय उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। उधर, भाजपा विधायक दल की बैठक भी रविवार को हो सकती है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दिल्ली गए हुए हैं। इधर, हरियाणा के मानेसर (तायडू) में मौजूद भाजपा विधायकों को भी रविवार या सोमवार सुबह भोपाल लाया जा सकता है।

08:11 AM

शोभा ओझा बोली, बेंगलुरु में विधायकों को बंधक बनाया गया

कांग्रेस की महिला नेता शोभा ओज्ञा ने कहा कि बेंगलुरु में विधायकों को बंधक बनाकर रखा गया है। भाजपा बार-बार एक ही बात कह रही है कि विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है, यह बात उन्होंने टीवी पर कही है। विधानसभा स्पीकर ने सभी विधायकों को सामने आकर अपनी बात रखने को कहा है, लेकिन भाजपा उन्हें आने नहीं दे रही। सीएम ने खुद राज्यपाल से कहा है कि हमारे पास बहुमत है।

07:40 AM

जयपुर से भोपाल लौट रहे कांग्रेस विधायक

कांग्रेस अपने विधायकों को जयपुर से विशेष विमान से भोपाल ला रही है। दोनों रिसॉर्ट से उन्हें एयरपोर्ट ले जाया जा रहा है। इसके बाद वे भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगे। सभी विधायक आज शाम होने वाली विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे। सोमवार को कमलनाथ सरकार को विधानसभा में अपना बहुमत साबित करना है, ऐसे में विधायकों को निर्देश दिए जाएंगे कि वे कैसे वोट करें। उधर बेंगलुरु में मौजूद विधायकों से कांग्रेस का कोई संपर्क नहीं हो पाया है।

07:36 AM

मध्य प्रदेश विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण के बाद होगा फ्लोर टेस्ट

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत प्रदेश भाजपा नेतृत्व का एक दल द्वारा राज्यपाल लालजी टंडन से मिलने के सात घंटे बाद राज्यपाल ने कमलनाथ सरकार को विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने का निर्देश दे दिया। मध्यरात्रि जारी पत्र में राज्यपाल ने कहा कि सरकार अभिभाषण के ठीक बाद बहुमत साबित करे। विश्वास मत विभाजन के आधार पर बटन दबाकर होगा, अन्य किसी तरीके से नहीं। इसकी संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाए। यह कार्यवाही हर हाल में 16 मार्च को प्रारंभ होगी और स्थगित, विलंबित या निलंबित नहीं की जाएगी। इस फरमान के साथ जोड़-तोड़ की सियासत करने वालों को तगड़ा झटका लगा है। कमलनाथ को भेजे पत्र राज्यपाल ने संविधान के अनुच्छेद 174 व 175 (2) एवं अन्य संवैधानिक शक्तियों का प्रयोग करते हुए राज्य सरकार को फ्लोर टेस्ट करवाने का आदेश दिया है। इससे पहले भाजपा ने 16 मार्च से पहले विधानसभा का सत्र बुलाने और फ्लोर टेस्ट की मांग की थी।

Exit mobile version