FEATUREDराष्ट्रीय

MP Election 2023: अखिलेश यादव से मिले मिर्ची बाबा, सपा के टिकट पर लड़ सकते हैं चुनाव

MP Election 2023: अखिलेश यादव से मिले मिर्ची बाबा, सपा के टिकट पर लड़ सकते हैं चुनाव। महामंडलेश्वर स्वामी वैराग्यानंद गिरी उर्फ मिर्ची बाबा भी अब चुनावी राजनीति में उतरने जा रहे हैं। वह मप्र की एक खास सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने इसके संकेत दिए हैं।

मिर्ची बाबा ने सोमवार को अखिलेश यादव से मुलाकात की थी। अखिलेश ने इस मुलाकात का फोटो इंटरनेट मीडिया पर शेयर किया और मिर्ची बाबा को चुनाव लड़ने के लिए शुभकामनाएं दीं। अखिलेश ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा- ‘मप्र के मिर्ची बाबा से एक शिष्टाचार भेंट और उनके मप्र विधानसभा में एक विशेष सीट से चुनाव लड़ने के लिए शुभकामनाएं!’

कांग्रेस के नजदीकी रहे हैं मिर्ची बाबा

अखिलेश यादव द्वारा एक्स हैंडल पर की गई इस पोस्ट के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि समाजवादी पार्टी उन्हें बुधनी विधानसभा क्षेत्र से शिवराज सिंह के खिलाफ चुनाव मैदान में उतार सकती है। गौरतलब है कि मिर्ची बाबा भाजपा के मुखर विरोधी रहे हैं।

पिछले दिनों ही वह रेप के आरोप से बरी होने के बाद जेल से छूटे हैं। उन पर रायसेन की एक महिला ने रेप का आरोप लगाया था। मिर्ची बाबा की दिग्विजय सिंह और कमल नाथ जैसे कांग्रेस के नेताओं से नजदीकियां जगजाहिर रही हैं।

 

प्रदेश में पूववर्ती कमल नाथ सरकार के दौरान मिर्ची बाबा को एक निगम का अध्यक्ष बनाकर राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया था। अब मिर्ची बाबा ने सपा का दामन थाम लिया है। मिर्ची बाबा का असली नाम राकेश दुबे है। उन्होंने बाद में संन्यास ले लिया और नाम बदलकर वैराग्यनंद गिरी हो गया।

दिग्विजय सिंह की जीत के लिए किया था मिर्ची यज्ञ

मिर्ची बाबा वर्ष 2019 में हुए पिछले आम चुनाव के दौरान उस वक्त खास तौर पर चर्चा में आए थे, जब उन्होंने भोपाल लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह की जीत के लिए पांच क्विंटल लाल मिर्ची का हवन किया था। तब उन्होंने ऐलान किया था कि अगर दिग्विजय सिंह चुनाव नहीं जीतते हैं, तो वो जल समाधि ले लेंगे। हालांकि दिग्विजय सिंह वो चुनाव हार गए। इसके बाद मिर्ची बाबा की काफी किरकिरी हुई थी। तब उन्होंने जल समाधि लेने के लिए भोपाल कलेक्टर से अनुमति मांगी थी, जो उन्हें नहीं मिली।

Back to top button