katniमध्यप्रदेश

माटी गणेश, सिद्ध गणेश अभियान: मिट्टी से गढ़े गणपति, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

माटी गणेश, सिद्ध गणेश अभियान: मिट्टी से गढ़े गणपति, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदे

कटनी। पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड कटनी द्वारा ‘माटी गणेश, सिद्ध गणेश’ अभियान के अंतर्गत मिट्टी से भगवान श्रीगणेश की प्रतिमाएं बनाने की प्रशिक्षण कार्यशाला आनंदम स्थल परिसर में आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य लोगों को प्लास्टर ऑफ पेरिस की प्रतिमाओं के स्थान पर मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत कटनी उपाध्यक्ष जगदीश उरमलिया, आनंद विभाग के डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम लीडर अनिल कांबले, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल, पूर्व सीएमएचओ डॉ. आरके आठ्या सहित जनपद सदस्य बसंत द्विवेदी, रुपाली तिवारी, नंदलाल कोरी, अजय बर्मन, दुर्गा मौसी, पन्नालाल हल्दकार, कृपाल सिंह एवं राकेश पप्पू साहू मौजूद रहे।

कार्यक्रम आयोजक एवं विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि जन अभियान परिषद द्वारा पिछले वर्ष से ‘माटी गणेश, सिद्ध गणेश’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से आमजन को मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं स्थापित करने तथा विसर्जन जल स्रोतों में न कर पौधों के गमलों अथवा छोटे गड्ढों में करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इससे जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने के साथ स्थानीय मूर्तिकारों और कलाकारों को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे।

जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल ने बताया कि अभियान के तहत जिले के सभी छह विकासखंडों में सेक्टर स्तर पर भी कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाया जा सके।

जनपद पंचायत उपाध्यक्ष जगदीश उरमलिया ने जन अभियान परिषद की पहल की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सहभागी बनना चाहिए। जनपद सदस्य बसंत द्विवेदी एवं दुर्गा मौसी ने भी अभियान का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यशाला में जन अभियान परिषद से जुड़ी नवांकुर संस्थाओं, ग्राम एवं नगर विकास प्रस्फुटन समितियों, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के परामर्शदाताओं एवं विद्यार्थियों सहित स्वयंसेवी, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। मूर्ति कलाकार नीलेश अग्रवाल एवं सपना सिंह ने प्रतिभागियों को मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण दिया। प्रतिभागियों ने स्वयं अपने हाथों से गणेश प्रतिमाएं तैयार कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच की प्रांत महिला प्रमुख वंदना गेलानी, सरपंच संतोष निषाद, आरएल चौधरी, साध्वी निगम, राजू यादव, गणपत लाल कोल, रामानुज पांडेय, रूपा बर्मन, भारती बर्मन, रोशनी कुशवाहा, प्रिया राय, संदीप तिवारी एवं ओम तिवारी का विशेष सहयोग रहा। अंत में विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र ने सभी अतिथियों एवं सहभागियों का आभार व्यक्त किया।

Back to top button