रतलाम में ममता शर्मसार: तपती धूप में लावारिस मिली 1 साल की मासूम, पास में रखा था कपड़ों से भरा बैग; पुलिस खंगाल रही CCTV
रतलाम में ममता शर्मसार: तपती धूप में लावारिस मिली 1 साल की मासूम, पास में रखा था कपड़ों से भरा बैग; पुलिस खंगाल रही CCTV, शहर के पुराने कलेक्ट्रेट स्थित गुलाब चक्कर गार्डन में बुधवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला नजारा दिखा। कड़कड़ाती धूप और करीब 42 डिग्री तापमान के बीच एक साल की मासूम बच्ची जमीन पर बैठी सिसक रही थी। बच्ची के पास ही उसके कपड़ों से भरा एक बैग रखा था, जिससे साफ जाहिर होता है कि कोई जानबूझकर उसे वहां ‘लावारिस’ छोड़ गया है।
Bundelkhand Expressway Accident: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, सिलेंडर लदे ट्रक में घुसी स्कॉर्पियो; आजमगढ़ के एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत
आशा कार्यकर्ताओं की पड़ी नजर, शरीर पर रेंग रही थीं चींटियां
बुधवार दोपहर करीब 12 बजे गार्डन परिसर में आशा-उषा कार्यकर्ताओं की बैठक चल रही थी। रत्तागढ़खेड़ा की आशा कार्यकर्ता शोभा पाटीदार ने बताया कि उनकी नजर पास में रो रही बच्ची पर पड़ी। बच्ची भूख और गर्मी से बेहाल थी और उसके शरीर पर चींटियां रेंग रही थीं।कार्यकर्ताओं ने तुरंत बच्ची को गोद में लिया, उसे पानी पिलाया और बिस्किट खिलाए। काफी देर तक जब कोई उसे लेने नहीं आया, तो स्टेशन रोड थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
कपड़ों का बैग बना सबूत, मेडिकल के बाद अस्पताल में भर्ती
बच्ची के पास से बच्चों के कपड़ों का एक बैग भी मिला है। पुलिस का मानना है कि यह सोची-समझी साजिश है। बाल कल्याण समिति के निर्देश पर बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया। फिलहाल बच्ची काफी कमजोर लग रही है, जिसके चलते उसे बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस की तलाश: कौन है वो ‘पत्थर दिल’?
स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि बच्ची अब पूरी तरह सुरक्षित है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गार्डन और उसके आसपास लगे तमाम सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिए हैं। पुलिस उस शख्स की पहचान करने में जुटी है जो इस तपती दोपहर में मासूम को मौत के मुंह में छोड़कर चला गया।

