Latest

Lockdown In Odisha : लॉकडाउन बढ़ाने वाला पहला राज्य बना ओडिशा, 30 अप्रैल तक बढ़ाई पाबंदी

भुवनेश्‍वर। देश में सबसे पहले लॉकडाउन की घोषणा करने वाले ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने एक बार फिर जब कई राज्य लॉकडाउन अवधि को लेकर विचार विमर्श कर रहे हैं तब उन्होंने देश में सबसे पहले लॉकडाउन अवधि को 30 अप्रैल तक बढ़ाने की घोषणा करते हुए अर्थनीति पर मानव जीवन को तरजीह दिया है। इसके साथ ही केन्द्र सरकार से भी मुख्यमंत्री ने लॉकडाउन अवधि को 30 अप्रैल तक बढ़ाने के लिए सिफारिश कर दी है।

जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की अध्यक्षता में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए वीरवार को राज्य की कैबिनेट बैठक हुई। इस कैबिनेट बैठक में प्रदेश में लॉकडाउन अवधि को 30 अप्रैल तक बढ़ाने के साथ केन्द्र सरकार से भी लॉकडाउन अवधि को 30 अप्रैल तक बढ़ाने के लिए सिफारिश की गई है। 30 अप्रैल तक ट्रेन एवं हवाई सेवा को बंद रखने के लिए भी मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने केन्द्र सरकार से अनुरोध किया है। इसके साथ ही 17 जून तक राज्य के सभी शिक्षानुष्ठान बंद रखने को भी कैबिनेट निर्णय लिया है।

कैबिनेट ने नौ प्रस्ताव पर लगायी मुहर

राज्य कैबिनेट बैठक में नौ प्रस्ताव पर मुहर लगी है। इसमें कोरोना से मुकाबला करने के लिए भविष्य की रणनीति को लेकर प्रस्ताव, आपातकालीन कोष कानून में संशोधन के लिए प्रस्ताव, 1 लाख परीक्षण कीट संग्रह करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी, महामारी कानून में संशोधन जैसे प्रस्ताव कैबिनेट में पारित हुए हैं।

यहां उल्लेखनीय है कि देश में सबसे पहले लॉकडाउन की घोषणा ओडिशा सरकार ने ही किया था। इसके अलावा ओडिशा सरकार ने पूरे प्रदेश में जहां से भी कोरोना संक्रमित सामने आ रहे हैं, उस इलाके को तुरन्त सील कर दिया जा रहा है। यही कारण है कि प्रदेश में अभी तक सामूहिक संक्रमण जैसी स्थिति सामने नहीं आयी है। हालांकि आगामी दिनों में यह स्थिति उत्पन्न न हो राज्य सरकार एवं प्रशासन की तरफ से हर वह सम्भव कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे कोरोना संक्रमण के विस्तार को रोका जा सके। इसमें आज गंजाम जिला एक उदाहरण बना है जहां मात्र एक ही मरीज सामने आते ही जहां उक्त इलाके को सील किया गया वहीं दूसरी तरफ जिले में घर घर जाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण भी शुरु कर दिया गया है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम