Site icon Yashbharat.com

Katni : अवैध मदिरा के 105 मामलों में कार्यवाही

katni sharab

कटनी। कलेक्टर शशिभूषण सिंह के निर्देशन में आबकारी विभाग द्वारा 16 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक की अवधि में अवैध मदिरा के उत्पादन, परिवहन, भण्डारण के विरुद्ध चलाये गये अभियान में कार्यवाही करते हुये कुल 105 न्यायालयीन प्रकरण दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही की गई है। साथ ही कुल 40 हजार 470 रुपये मूल्य की अवैध मदिरा एवं मदिरा बनाने में प्रयुक्त महुआ लाहन बरामद कर प्रकरण पंजीबद्ध किये गये हैं। सहायक आबकारी आयुक्त पी एल राकेश ने बताया कि अवैध मदिरा धारण तथा अन्य मादक पदार्थों के विक्रय एवं निर्माण स्थलों की सूचना प्राप्त होने पर कार्यवाही के दौरान संबंधित आरोपियो के विरुद्ध तलाशी कर आबकारी दल द्वारा मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34-1 क के तहत गिरफ्तारी की गई है और अवैध मदिरा को कब्जे में लेकर प्रकरण पंजीबद्ध किये गये हैं।
इस अवधि में आबकारी विभाग द्वारा की गई कार्यवाही में 12 हजार 750 रुपये मूल्य की 85 लीटर हाथभट्टी मदिरा, 6 हजार 320 रुपये मूल्य की 79 पाव देशी मदिरा मसाला, 5 हजार 600 रुपये मूल्य की 80 पाव देशी मदिरा प्लेन, 800 रुपये मूल्य की 8 पाव विदेशी मदिरा और 15 हजार रुपये मूल्य का 300 किलोग्राम महुआ लाहन सामग्री जप्त की गई है। आबकारी नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार आबकारी वृत्त कटनी 1 में 12, कटनी क्रमांक-2 में 19 और वृत्त क्रमांक-3 में 9 न्यायालयीन प्रकरण बनाये गये हैं। इसी प्रकार विजयराघवगढ़ वृत्त में 18, बडवारा वृत्त में 5, ढीमरखेड़ा वृत्त में 5, स्लीमनाबाद वृत्त में 16 तथा बहोरीबंद वृत्त में 21 न्यायालयीन प्रकरण बनाये गये हैं।

Exit mobile version