Jabalpur Nagar NigamTax News: जिन करदाताओं ने संपत्तियों का टैक्स नहीं दिया है उनके खिलाफ नगर निगम ने नोटिस जारी किए हैं। इनमें 6 को कुर्की का नोटिस दिया। जबलपुर दमोहनाका संभाग क्रमांक 6 के अंतर्गत आने वाले वार्ड में जिनके कर बहुत अधिक हैं और उसे अब तक चुकाया नहीं गया है उन करदाताओं के पास संभागीय अधिकारी सत्येन्द्र चक्रवर्ती और उनकी टीम ने संपर्क किया। साथ ही सभी करदाताओं को हिदायत दी कि वह जल्द अपना कर चुका दें। यदि ऐसा नहीं किया जाता है, तो कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। निगमायुक्त संदीप जीआर ने वर्तमान वित्तीय वर्ष के लिए निर्धारित आय प्राप्ति के उद्देश्य की पूर्ति के लिए वार्ड और संभाग वार राजस्व वसूली का अभियान चलाने निर्देश दिए है। जिसमें राजस्व विभाग के उपायुक्त पीएन सनखेरे, राजस्व अधिकारी दीपनारायण मिश्रा सभी संभागीय अधिकारियों राजस्व निरीक्षकों और कर संग्रहिताओं को लक्ष्य निर्धारित कर लक्ष्य पूरा करने को निर्देशित किया। निर्देशों का पालन करते हुए अभियान चलाया जा रहा है।
लंबे समय से कर बकाया वाले 6 को कुर्की का नोटिस: संभागीय अधिकारी सत्येन्द्र चक्रवर्ती और उनकी टीम ने दमोहनाका वार्ड में भ्रमण करते हुए ऐसे 6 करदाता से मिले जिनका कर लंबे समय से बकाया है और राशि जमा नहीं की गई है। इसके बाद उनके घर में कुर्की का नोटिस चस्पा किया गया। साथ ही हिदायत दी कि यदि जल्द से जल्द कर जमा नहीं किया जाता, तो कार्रवाई कर दी जाएगी। कार्रवाई में राजस्व निरीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, विमल नामदेव, गोविंद विश्वकर्मा, ललित मेवारी, ब्रजेन्द्र दाहिया और अन्य शामिल रहे।
अन्य बकायादारों की भी तैयार की जा रही लिस्ट: निगम अधिकारी ऐसे करदाताओं के बारे में जानकारी लेकर उनकी सूची तैयार कर रहे है, जिनपर कर बकाया है और लंबे समय से वह कर जमा नहीं कर रहे है। ऐसे करदाताओं को चिन्हित कर उनके घरों में टीम पहुंचकर कर जमा करने के लिए सख्त हिदायत देगी। वहीं उन्हें दिए गए उचित समय तक यदि कर जमा नहीं होता, तो फिर उन सभी की भी कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।

