सायना में स्वतंत्रता दिवस समारोह धूम-धाम के साथ संपन्न. गरीबी, अशिक्षा, भ्रष्टाचार और भेदभाव से मुक्ति असली स्वतंत्रता -डाॅ निधि पाठक
गरीबी, अशिक्षा, भ्रष्टाचार और भेदभाव से मुक्ति असली स्वतंत्रता -डाॅ निधि पाठ
सायना में स्वतंत्रता दिवस समारोह धूम-धाम के साथ संपन्
कटनी, सायना इन्टरनेशनल स्कूल में 79 वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डाॅ. आदित्य कुमार शर्मा (प्राचार्य सायना इंटरनेशनल स्कूल) एवं मैनेजैंट प्रतिनिधि ऋषि अरोरा के आगमन से हुआ, जिनका स्वागत हेडमास्टर डाॅ॰ लोकेश दुबे, कमल सरेचा एवं श्रीमती रीत मोंगा ने स्कूल बैंड की सुमधुर ध्वनियों के बीच किया । स्वागतोपरान्त मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया गया एवं स्कूल बैंड की सुंदर प्रस्तुति के साथ राष्ट्रगान हुआ । तदोपरान्त मुख्य अतिथि सहित छात्र पदाधिकारियों ने चारों सदनों, एन.सी.सी एवं न्यू सैनिक स्कूल के कैडिट्स के समूह का निरीक्षण किया । सभी समूहों ने मार्च पास्ट करते हुए अपने शौर्य को प्रदर्शित किया, जिसके अभिवादन को अतिथियों द्वारा स्वीकार किया गया।
कार्यक्रम के द्वितीय चरण में अतिथियों का स्वागत छात्र परिषद ने पुष्प गुच्छ भेंट कर किया गया। तदोपरान्त सायना किड्स प्रभारी डाॅ. भारती शर्मा सहित अतिथियों ने मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दी। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत गीत के साथ हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में क्लासिकल डांस, लोक नृत्य एवं हिन्दी गायन के उपरांत विद्यार्थीद्वय अभिषेक तिवारी व अर्चना कुशवाहा के ओजपूर्ण भाषण ने समां बाँध दिया। मि. अभिनव खरे के मार्गदर्शन में मंचित हिन्दी नाटक ’वतन के रखवाले’ ने सभी को रोमांचित कर दिया।
मुख्य अतिथि डाॅ. शर्मा ने सभी का स्वागत करते हुए 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शिक्षा व स्वच्छता के साथ अनुशासन पर जोर देते हुए कहा कि आज हम सब यहाँ 15 अगस्त के दिन इकट्ठे हुए हैं, जो हमारे देश की स्वतंत्रता का पर्व है। यह दिन हमें उन बलिदानों की याद दिलाता है, जिनकी बदौलत हमें आज़ादी की खुली हवा में साँस लेने का अवसर मिला। महात्मा गांधी, पंडित नेहरू, भगत सिंह, चंद्रशेखर आज़ाद, रानी लक्ष्मीबाई और अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति देकर भारत को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त कराया।हमें उनके बलिदान को व्यर्थ नहीं जाने देना है। माननीय प्राचार्य ने अंतर सदनीय परेड प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर न्यू सैनिक स्कूल ड्रिल कैप्टन पार्थ सिंह को शील्ड प्रदान की। कार्यक्रम का सफल संचालन जय श्री चौधरी, चिन्मय रजक, चेतना जैन, ज्योति एवं आनव रेजा ने किया। स्कूल कैप्टन वंशिका वाजपेयी ने आभार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के संयोजक श्री शिवकुमार सिंह ने सभी को धन्यवाद दिया। वंदेमातरम के गायन से कार्यक्रम का समापन किया गया। इस अवसर पर सायना की चेयरपर्सन डाॅ. निधि पाठक ने अपने संदेश में सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज हम सब यहाँ अपने देश की आज़ादी के 79 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाने के लिए एकत्र हुए हैं। यह दिन हमें न केवल स्वतंत्रता की खुशी देता है, बल्कि उन अनगिनत बलिदानों की याद भी दिलाता है, जिनकी वजह से हम आज़ाद भारत में साँस ले रहे हैं। आज का भारत सिर्फ आज़ादी का प्रतीक नहीं है, बल्कि एक सपनों का देश है जो विज्ञान, तकनीक, शिक्षा, खेल और हर क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छू रहा है। लेकिन साथ ही हमें याद रखना होगा कि असली स्वतंत्रता तब होगी जब हम अपने देश को गरीबी, अशिक्षा, भ्रष्टाचार और भेदभाव से भी मुक्त कर देंगे। पूर्व महापौर एवं सचिव श्रीमती निर्मला सत्येन्द्र पाठक(मम्मी जी), विधायक श्री संजय सत्येन्द्र पाठक (पूर्व राज्यमंत्री म.प्र. शासन), समस्त स्टाफ एवं अभिभावकों ने शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।

