कटनी(YASHBHARAT.COM)। कोयला लेकर गुजरात जा रही कोयला लोड मालगाड़ी के कल 7 मार्च की सुबह 10:30 के लगभग बाबाघाट के पास 5-8 डिब्बे पलटने के कारण रेल ट्रैक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। रेल ट्रैक की मरम्मत में रेल्वे को काफी समय लग रहा है। कल दुर्घटना के बाद से शुरू हुआ रेल ट्रैक की मरम्मत का कार्य आज 8 मार्च की सुबह तक पूरा नहीं हो पाया है। रेल अधिकारी अभी और समय लगने बात कर रहे हैं। बहरहाल इस दुर्घटना की वजह से मालगाड़ियों के अलावा कटनी मुड़वारा और कटनी साउथ स्टेशन होकर चलने वाली ट्रेनें सबसे ज्यादा प्रभावित हुई है। कटनी साउथ स्टेशन होकर चलने वाली ट्रेनों को कटनी जंक्शन होकर अप और डाउन दिशा में चलाया जा रहा है, जिससे यात्रियों को ज्यादा परेशानी नहीं हो रही है लेकिन कटनी मुड़वारा स्टेशन होकर चलने वाली ट्रेनों को ग्रेड सेपरेटर के रास्ते न्यू कटनी जंक्शन और हरदुआ स्टेशन होकर चलाया जा रहा है। जिसके कारण कटनी मुड़वारा स्टेशन से यात्रा शुरू और समाप्त करने वाले यात्रियों को खासा परेशान होना पड़ रहा है। बताया जाता है कि कल 7 मार्च से अभी तक यात्रियों को हरदुआ स्टेशन आने और जाने में खासा परेशान होना पड़ रहा है। ऑटो वाले हरदुआ स्टेशन आने और जाने का मुंह मांगा किराया वसूल रहे हैं। बहरहाल रेल ट्रैक की मरम्मत का कार्य समाचार लिखे जाने तक जारी है और रेल अधिकारी जल्द से जल्द मरम्मत कार्य पूरा करने और रेल यातायात सुचारू करने की बात कह रहे हैं। ग़ौरतलब है कि गायत्री नगर में बाबा घाट स्थित एनकेजे यार्ड की ए केबिन के पास कल 7 मार्च शनिवार की सुबह 10:30 के लगभग मालगाड़ी के दुर्घटना ग्रस्त होने से रेलवे ट्रैक को काफी नुकसान पहुँचा है। इससे प्रभावित होकर 18009 (संतरागाछी-अजमेर) व 11448 (हावड़ा-जबलपुर शक्तिपुंज) जैसी ट्रेनें मुख्य स्टेशन की जगह ग्रेड सेपरेटर/एनकेजे होकर गुजरीं। मुख्य मुड़वारा स्टेशन पर न रुकने से मुड़वारा के यात्री खासे परेशान हुए।
घटना और प्रभाव की मुख्य बातें
दुर्घटना: कटनी जिले के बाबाघाट के समीप ए केबिन में कोयले से भरी मालगाड़ी बेपटरी हो गई।
मार्ग परिवर्तन: प्रभावित ट्रेनें अब कटंगी खुर्द-हरदुआ के बीच ग्रेड सेपरेटर या न्यू कटनी जंक्शन (NKJ) के रास्ते चलाई जा रही हैं।
यात्रियों की परेशानी: ट्रेनें मेन लाइन (मुड़वारा/कटनी जंक्शन) पर न आकर बाइपास (ग्रेड सेपरेटर) से सीधे गुजर गईं।
राहत कार्य: रेलवे तकनीकी टीम क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत में जुटी है।
प्रभावित ट्रेनें:
18009 संतरागाछी-अजमेर साप्ताहिक एक्सप्रेस: कटंगी खुर्द-हरदुआ के रास्ते (ग्रेड सेपरेटर)।
11448 हावड़ा-जबलपुर शक्तिपुंज एक्सप्रेस: वाया न्यू कटनी जंक्शन (NKJ)।
जबलपुर-अम्बिकापुर इण्टरसिटी: वाया कटनी-NKJ।
जबलपुर-सिंगरौली इण्टरसिटी: वाया कटनी-NKJ।

