
नई दिल्ली। नौतपा के बीच दिन पर दिन तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। तापमान में उछाल से हालत ये है कि कुछ राज्यों में तापमान 50 डिग्री के आसपास तक पहुंच गया है। ऐसे में आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। उत्तर भारत में भी सूरज के तेवर कड़े हुए हैं।
उत्तर भारत में सूरज के तेवर और तीखे हुए हैं। दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, झारखंड, पंजाब और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया है। राजस्थान में हालत सबसे ज्यादा खराब है, यहां तापमान 50 के नजदीक पहुंच गया है। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 49.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। पहाड़ों में भी गर्मी अपना असर दिखाई दे रही है। पहाड़ी इलकों में भी पारा 45 डिग्री तक पहुंच गया है। भीषण गर्मी के मद्देनजर देश की राजधानी दिल्ली में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है।
शनिवार की सुबह से ही सूरज के तेवर एक बार फिर कड़े होने लगे हैं। अलसुबह से ही गर्मी महसूस होने लगी, दिन चढ़ते चढ़ते तपिश बढ़ती जा रही है। वहीं शुक्रवार को गर्मी का जमकर कहर दिखा था। तेज धूप और लू के थपेड़ों की वजह से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा छा जाता है।
मौसम विभाग के मुताबिक देश के अधिकतर राज्यों में अभी गर्मी से राहत की उम्मीद कम ही है। यही वजह है कि नई दिल्ली में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। बता दें कि मौसम विभाग के चार ‘कलर कोड’ हैं- हरा, पीला, सुनहरा और लाल। हरा रंग सामान्य स्थिति, जबकि लाल रंग मौसम की चरम स्थिति को बताता है।
शिमला, हरियाणा में भी हाल बेहाल
हिमाचल प्रदेश के शिमला में शुक्रवार को जहां दो साल में सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया। तो वहीं हरियाणा में भी भीषण गर्मी से जनजीवन बदहाल नजर आया। यहां तापमान 44 डिग्री के आसपास रहा।








