Site icon Yashbharat.com

Hamas Attack: हमास के 20 मिनट में 5000 रॉकेट हमले से तिलमिलाया इस्राइल

israel

Hamas Attack: हमास के 20 मिनट में 5000 रॉकेट हमले से तिलमिलाया इस्राइल हमास के दनादन रॉकेट हमलों से भड़के इस्राइल ने कहा है कि वह युद्ध के लिए तैयार है। रिपोर्ट्स के अनुसार, हमास ने इजराइल पर गाजा से हमले किए। हमला कितना बड़ा है इसका अंदाजा इसी से होता है कि केवल 20 मिनट की अवधि में 5,000 रॉकेट दागे गए। हमले के संबंध में आई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमास की सशस्त्र शाखा ने घोषणा की कि उसने “ऑपरेशन अल-अक्सा फ्लड” शुरू कर दिया है।

20 मिनट में पांच हजार से अधिक रॉकेट हमले

शनिवार को हुए हमलों के बारे में हमास ने कहा, उसने “20 मिनट के पहले हमले” में 5,000 से अधिक रॉकेट दागे हैं। इस्राइल ने ‘युद्ध के लिए तैयार’ होने की बात कही और कहा कि हमास को अपने कार्यों की भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। रिपोर्ट्स के अनुसार अब तक चार लोगों की मौत होने की पुष्टि हो चुकी है।

रॉकेट हमलों के बाद राजदूत का बयान

दनादन हमलों के बाद संकट गहराने की आशंका के बीच भारत में इस्राइल के राजदूत नाओर गिलोन ने ट्वीट किया, यहूदी छुट्टियों के दौरान इस्राइल पर गाजा से हमला हो रहा है। रॉकेट और हमास आतंकवादियों की जमीनी घुसपैठ भी हुई है। उन्होंने कहा कि, हालात सामान्य नहीं हैं, लेकिन इस्राइल जीतेगा और संकट को पीछे छोड़ने में सफल रहेगा।

 

टकराव बढ़ने की आशंका, आतंकी बोले- अभी तो पहला ही हमला

खबरों के अनुसार हमलों में व्यापक जानमाल के नुकसान की पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन इस्राइल ने अवरुद्ध गाजा पट्टी से हुए रॉकेट हमले के बाद ‘युद्ध की स्थिति’ घोषित कर दी है। तनाव और टकराव बढ़ने की आशंका है क्योंकि फिलिस्तीन के हमास आतंकवादियों ने कहा कि यह उनका “पहला हमला” है।

इंटरनेशनल मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि इस्राइल में उत्सव की छुट्टियों की सुबह 5,000 से अधिक रॉकेट उड़े। हमला कितना भयावह था, इसका अंदाजा इसी बात से होता है कि देश भर में धमाकों की तेज आवाजें सुनी गई।

 

कारों पर गोलीबारी, पैराग्लाइडर से रॉकेट हमला

इस्राइल के सुरक्षाबलों ने हमास के आतंकवादियों की घुसपैठ का आरोप भी लगाया है। इस्राइल से आए विजुअल के आधार पर मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि रॉकेट हमले में पैराग्लाइडर का इस्तेमाल किया गया था। सड़कों से गुजरने वाली कारों पर गोलीबारी की गई थी।

 

PM ने बुलाई समीक्षा बैठक, जवाबी कार्रवाई के संकेत

प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने हमले के बाद हालात की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय मीटिंग बुलाई है। सेना ने कहा, इजरायल के सुरक्षाबल युद्ध के लिए तैयार हैं। गाजा से इस्रायली क्षेत्र में व्यापक रॉकेट हमले हुए हैं। आतंकवादी भी अलग-अलग सीमावर्ती इलाकों से इस्राइल की सीमा में घुसे हैं।

 

हमास को भारी कीमत चुकानी होगी

पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय से जारी बयान में कहा गया, हमास को अपनी हिमाकत की भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। टकराव कम होने के बजाय बढ़ने की आशंका है क्योंकि हमास की सशस्त्र शाखा ने घोषणा की कि उसने “ऑपरेशन अल-अक्सा फ्लड” शुरू कर दिया है।

 

एक बुजुर्ग महिला की मौत, 15 घायल

हमास के समूह ने कहा, हमने कब्जे (इस्रायल) के सभी अपराधों को खत्म करने का फैसला किया है, बिना जवाबदेही तय किए हमले का आरोप लगाते हुए हमास ने कहा कि हिंसा फैलाने का इस्राइल का समय खत्म हो गया है।” देश की आपातकालीन सेवाओं से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, रॉकेट हमलों में “सीधे प्रहार के कारण” एक बुजुर्ग इस्राइली महिला की मौत हो गई। 15 अन्य के घायल होने की सूचना है।

 

रॉकेट सायरन की आवाजों से बढ़ा तनाव

सरकार ने नागरिकों को आश्रय स्थलों के पास रहने और गाजा पट्टी के पास रहने वालों को घरों और बंकरों में शरण लेने के लिए कहा है। बयान के अनुसार, शब्बत और सिमचट तोराह की छुट्टी के बाद राजधानी यरुशलेम सहित पूरे इज़राइल में नॉन-स्टॉप रॉकेट सायरन की आवाज सुनी गई है।

Exit mobile version