GST के विरोध के बावजूद सूरत में भाजपा आगे

जीएसटी लागू होने के बाद सूरत में कपड़ा कारोबारियों ने इसका काफी विरोध किया था जिसके बाद माना जा रहा था कि भाजपा को यहां चुनावों में झटका लग सकता है। लेकिन जब नतीजे आए तो कांग्रेस के अलावा अन्य भी चौंक गए। अब तक आए नतीजों और रुझानों के अनुसार सूरत पूर्व में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर है।
सूरत में 16 विधानसभा सीटें हैं और सूरत पूर्व से भाजपा उम्मीदवार अरविंद राणा 34918 वोटों के साथ आगे चल रहे हैं, जबकि सूरत उत्तर से भाजपा उम्मीदवार कांतीभाई बलार 58788 वोटों के साथ आगे हैं। सूरत पश्चिम की बात करें तो यहां भी भाजपा के पर्णेश मोदी 1 लाख 11 हजार वोटों के साथ आगे चल रहे हैं।
इनके अलावा ओलपाड, मंगरोल, मांडवी, कमरेज, वारच्चा रोड, कारंज, लिंबायत, उढाना, मजूरा, खतरगाम, चोरयासी, भरदोली में भी भाजपा को बढ़त है। सूरत में भाजपा को मिल रही जीत को लेकर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेस ने गलत प्रचार करने की कोशिश की लेकिन व्यापारियों के गढ़ सूरत में भाजपा को मिल रही जीत इस बात का जवाब है।








