अमिताभ और अभिषेक बच्चन को जान से मारने की धमकी: गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लन ने सोशल मीडिया पोस्ट में दी चेतावनी; कहा— ‘बुलेटप्रूफ कांच भी नहीं बचा पाएगा’

अब हर कॉल पर नहीं सुनाई देंगे

अमिताभ और अभिषेक बच्चन को जान से मारने की धमकी: गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लन ने सोशल मीडिया पोस्ट में दी चेतावनी; कहा— ‘बुलेटप्रूफ कांच भी नहीं बचा पाएगा’

मुंबई/नई दिल्ली: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लन की ओर से जान से मारने की धमकी मिली है। एक कथित सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए गैंगस्टर ने यह धमकी देते हुए दावा किया है कि हाल ही में उसके दो साथियों की गिरफ्तारी से उनकी योजना पर कोई असर नहीं पड़ेगा और मुंबई में उसके करीब 200 गुर्गे पूरी तरह सक्रिय व तैयार हैं। हालांकि, इस सोशल मीडिया पोस्ट और इसमें किए गए दावों की प्रामाणिकता की अभी तक स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

सोशल मीडिया पोस्ट में बुलेटप्रूफ सुरक्षा को दी चुनौती

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस पोस्ट में 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए सिख समुदाय के खिलाफ बोलने वालों को निशाना बनाने की बात कही गई है। पोस्ट में खास तौर पर अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन का नाम लेते हुए सुरक्षा इंतजामों को सीधी चुनौती दी गई है। गैंगस्टर ने धमकी भरे लहजे में लिखा है, “वे चाहे कितने भी बुलेटप्रूफ केबिन या सुरक्षा इंतजाम कर लें, उन्हें गोली मार दी जाएगी। बुलेटप्रूफ कांच भी उनकी रक्षा नहीं कर पाएगा।” 

दिल्ली पुलिस ने पकड़े थे लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो शूटर

यह धमकी ऐसे समय में सामने आई है, जब कुछ ही दिन पहले दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े दो कथित शूटरों को गिरफ्तार किया था। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंजाब के जालंधर निवासी विकास ठाकुर उर्फ विक्की और तरनतारन निवासी दीपक सिंह उर्फ दीप के रूप में हुई है।

इसे भी पढ़ें-  MP BJP News: मध्यप्रदेश भाजपा में नियुक्तियों की तैयारी तेज, जिला अध्यक्षों की लगेगी 5 घंटे मैराथन क्लास

जांच एजेंसियों को संदेह है कि ये दोनों शूटर मुंबई में अमिताभ बच्चन के आवास ‘जलसा’ के बाहर फायरिंग करने की साजिश में शामिल थे। पुलिस के अनुसार, विकास ठाकुर मुंबई से दिल्ली एक व्यापारी को जबरन वसूली के लिए गोली मारने आया था और दीपक सिंह भी उसके साथ जुड़ने वाला था। पूछताछ के दौरान दिल्ली के व्यापारी और अमिताभ बच्चन से जुड़ी इन संदिग्ध साजिशों की कड़ियां सामने आईं।

‘जलसा’ के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा, बुलेटप्रूफ कांच के पीछे दिखे अमिताभ

लगातार मिल रही धमकियों और पिछले महीने ‘जलसा’ को निशाना बनाते हुए आए तीन अलग-अलग बम धमकी वाले ईमेल के बाद अमिताभ बच्चन की सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी गई है। इसका असर हर रविवार को फैंस से होने वाली उनकी मुलाकात (Sunday Darshan) के दौरान भी साफ देखने को मिला।

1 नवंबर को जब अमिताभ बच्चन अपने प्रशंसकों का अभिवादन करने के लिए ‘जलसा’ के बाहर आए, तो वे एक विशेष सुरक्षा घेरे में नजर आए। पारंपरिक रूप से जिस पहियों वाले पेडस्टल पर खड़े होकर वे हाथ हिलाते थे, उसे अब तीन तरफ से मजबूत बुलेटप्रूफ कांच से बंद कर दिया गया है, जिसके पीछे खड़े होकर उन्होंने फैंस का अभिवादन स्वीकार किया।