ग्वालियर हाई कोर्ट को ई-मेल पर मिली बम धमाकों की धमकी: अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ और दिलजीत दोसांझ के शो को निशाना बनाने का जिक्र, क्राइम ब्रांच ने दर्ज की FIR
ग्वालियर: मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ के प्रिंसिपल रजिस्ट्रार की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर धमकी भरा ई-मेल भेजने के मामले में क्राइम ब्रांच थाने में एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है। इस ई-मेल में आतंकी संगठन ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ (KNA) और बब्बर खालसा का नाम लेते हुए मध्य प्रदेश के मंदिरों, अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले ‘जलसा’ और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट में आईईडी (IED) धमाके करने की धमकी दी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्वालियर हाई कोर्ट परिसर और न्यायाधीशों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है तथा मौके पर वज्र वाहन तैनात किए गए हैं।
ई-मेल में क्या-क्या दी गई हैं धमकियां?
हाई कोर्ट के मुख्य सुरक्षा अधिकारी मानवेंद्र सिंह कुशवाह की शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने यह मामला दर्ज किया है। यह ई-मेल 6 नवंबर की सुबह 10:31 बजे एक फर्जी जीमेल आईडी के जरिए अंग्रेजी और पंजाबी भाषा में भेजा गया था, जिसमें निम्नलिखित बातें लिखी गई थीं:
अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ को टारगेट: ई-मेल में 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए अमिताभ बच्चन के घर पर बम धमाके कर आग लगाने और उनकी मदद करने के आरोप में दिलजीत दोसांझ को निशाना बनाने की बात कही गई है।इंदौर कॉन्सर्ट में IED धमाके की धमकी: मेल में लिखा गया है कि 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले दिलजीत दोसांझ के लाइव शो और ग्वालियर में आईईडी (IED) धमाका कर हत्या की जाएगी।मंदिरों में विस्फोट का जिक्र: अयोध्या, काशी, मथुरा और मध्य प्रदेश के मंदिरों में बम धमाके करने की धमकी भी मेल में दी गई है।
यूपी एटीएस (UP ATS) के खुलासे से जुड़े मामले के तार
ग्वालियर में आए इस धमकी भरे ई-मेल के तार उत्तर प्रदेश के बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) और अन्य संस्थानों को मिली धमकियों से जुड़ते नजर आ रहे हैं:
हाल ही में यूपी एसटीएफ और एटीएस ने कानपुर से अंकित शंखवार नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसने बांग्लादेशी नागरिक अलामीन सहित पाकिस्तान, मिस्र और तुर्की के लोगों को करीब ₹5 लाख में फर्जी ई-मेल आईडी, कोड और टूल बेचे थे।जांच में सामने आया है कि आरोपी अंकित शंखवार ने विदेशियों को फर्जी आईडी बेचने के बदले क्रिप्टोकरेंसी (USDT) के जरिए बाइनेंस (Binance) वॉलेट में भुगतान लिया था। इन्हीं आईडी का इस्तेमाल भारत में धमकियां भेजने के लिए किया जा रहा है। ग्वालियर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार यूपी एटीएस के संपर्क में हैं। ई-मेल के नेटवर्क और सेंडर का सुराग लगाने के लिए ग्वालियर क्राइम ब्रांच की एक टीम जल्द ही उत्तर प्रदेश जाकर आरोपी से पूछताछ करेगी।












