जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बड़ी आतंकी वारदात: लापता हुए दोनों SOG जवानों के गोलियों से छलनी शव बरामद; 17 राष्ट्रीय राइफल्स की टीम को रिलीव करने निकले थे ऋषिपाल और बॉबी चंद
किश्तवाड़/जम्मू, yashbharat.com। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के मारवाह स्थित देहरना जंगल इलाके से एक बेहद दुखद और बड़ी खबर सामने आई है। इलाके में फायरिंग की आवाज सुनाई देने के बाद से लापता चल रहे दोनों स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के शव बरामद कर लिए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, दोनों जवानों के शरीर पर गोलियों के निशान मिले हैं।
शहीद हुए दोनों जांबाज जवानों की पहचान ऋषिपाल और बॉबी चंद के रूप में हुई है, जो जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) का हिस्सा थे।
कैसे हुई घटना? जानिए पूरा घटनाक्रम
ड्यूटी पर रिलीव करने जा रहे थे जवान: दोनों SOG जवान ऋषिपाल और बॉबी चंद कियार दच्छन (Kiyar Dachhan) से अपर रिज देहरना के इंदरवन इलाके में बसनान में तैनात भारतीय सेना की 17 राष्ट्रीय राइफल्स (17 RR) की एक टीम को रिलीव करने जा रहे थे।
बीच रास्ते से हुए लापता: दुर्गम पहाड़ी और घने जंगल के रास्ते आगे बढ़ते समय क्षेत्र में फायरिंग की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद से दोनों जवानों से संपर्क टूट गया और वे अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके।
सर्च ऑपरेशन में मिले शव: जवानों के लापता होने के बाद सुरक्षाबलों द्वारा चलाए गए सघन तलाशी अभियान के दौरान दोनों के गोलियों से छलनी शव बरामद किए गए।
इलाके में हाई अलर्ट और सघन तलाशी अभियान
दोनों जवानों की शहादत के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे किश्तवाड़ और मारवाह के जंगलों की घेराबंदी कर दी है। सेना और पुलिस की संयुक्त टीमें हमलावरों की तलाश में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।












