Future IAS: कौन हैं वो 3 छात्र, जिनका IAS बनने का सपना रह गया अधूरा, दिल्ली के कोचिंग सेंटर में हुई मौत

delhi ias coaching centre death

शनिवार शाम को दिल्ली के एक कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में पानी भर जाने से 2 लड़कियों और एक लड़के समेत तीन छात्रों की मौत हो गई. कोचिंग संस्थान ओल्ड राजिंदर नगर में स्थित है, जिसे राष्ट्रीय राजधानी में कोचिंग हब कहा जाता है. इस हादसे में मरने वाले तीन छात्रों में से एक छात्र केरल का था, एक छात्रा उत्तर प्रदेश की थी, जबकि दूसरी छात्रा मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद की रहने वाली थी और उसका परिवार वर्तमान में तेलंगाना में रहता है।

ये तीनों छात्र अपने घरों से दूर दिल्ली आए थे और यूपीएससी की परीक्षा की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उनकी दर्दनाक मौत से उनके आईएएस बनने का सपना चकनाचूर हो गया. छात्रों के परिवारों ने जब इनकी मौत का समाचार सुना तो पूरे परिवार में कोहराम मच गया है.

इन छात्रों का IAS बनने का सपना हो गया चकनाचूर

देश के कोने-कोने से आईएएस सहित अन्य परीक्षा की तैयारी के लिए हजारों छात्र अपने घर से दूर दिल्ली आते हैं और यहां विभिन्न कोचिंग संस्थानों में पढ़ाई करते हैं, लेकिन इन तीन छात्रों का सपना आईएएस बनने से पहले ही टूट गया. आइए इस त्रासदी के शिकार तीन युवा छात्रों के बारे जानते हैं…

श्रेया यादव: श्रेया यादव उत्तर प्रदेश की रहने वाली थी और प्रतिष्ठित संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में सफल होने की उम्मीद के साथ दिल्ली आई थी. लड़की के परिवार का घर राज्य के अंबेडकर नगर जिले में है. लड़की के चाचा फिलहाल दिल्ली में अस्पताल के बाहर मौजूद थे, जहां उसके शव का पोस्टमार्टम किया गया. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया. उसके पिता उत्तर प्रदेश में रहते हैं. पोस्टमार्टम के बाद डॉक्टरों ने उसके परिवार को शुरुआती जानकारी दी कि श्रेया की मौत गंदे पानी के शरीर में प्रवेश करने से हुई और बिल्डिंग के बेसमेंट में उसका दम घुट गया. पुलिस ने कहा कि गंदे पानी के कारण उसके अंग क्षतिग्रस्त हो गए थे.

इसे भी पढ़ें-  जबलपुर में 'कार्बाइड गन' की बिक्री, वितरण और प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध: एसपी सम्पत उपाध्याय की अपील- कहीं दिखे तो तत्काल पुलिस को दें सूचना

पुलिस ने बताया कि छात्रा का शव पोस्टमार्टम के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया गया है. रिपोर्ट के अनुसार शव मिलने के बाद वे यूपी में अपने गृहनगर के लिए रवाना हो चुके हैं.

तानिया सोनी: 25 वर्षीय तानिया सोनी मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद की रहने वाली थी. उसका परिवार वर्तमान में तेलंगाना में रहता है. पुलिस ने बताया कि परिवार का घर औरंगाबाद के नबीबनगर इलाके में है. उसके शव का पोस्टमार्टम भी पूरा हो चुका है. उसके पिता अब उसके शव को अपने गृहनगर वापस ले जा रहे हैं. बचाव अभियान शुरू होने के कुछ घंटों बाद उसका शव बेसमेंट से बाहर निकाला गया.

नवीन डेल्विन: 28 वर्षीय नवीन डेल्विन की कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में पानी भरने से मौत हुई है. वह केरल के एर्नाकुलम का रहने वाला था. बेसमेंट से उसका शव बरामद होने वाला आखिरी शव था. शनिवार देर रात दमकलकर्मियों ने उसका शव बरामद किया. केरल में उसके घर पर मातम पसरा हुआ है.

कोचिंग सेंटर के बेंसमेंट में कैसे भरा पानी?

रिपोर्ट के अनुसार, कोचिंग सेंटर की इमारत के बेसमेंट में चल रही लाइब्रेरी अवैध रूप से बनाई गई थी. इसमें एक समय में करीब 150 छात्र बैठ सकते हैं. जब लाइब्रेरी में पानी भरा तो कई छात्र लाइब्रेरी के अंदर थे.

इमारत ढलान पर बनी थी और पुलिस ने कहा कि इमारत में पानी इतनी जल्दी घुसने का एक बड़ा कारण यह भी हो सकता है. कुछ लोगों ने बेसमेंट में पानी भरने के पीछे बने सीवर नाले के ओवरफ्लो को जिम्मेदार ठहराया, लेकिन अभी भी इसकी जांच की जा रही है.

इसे भी पढ़ें-  बंगाल में स्कूल सिलेबस बदलने की तैयारी: बंगाली किताबों से हटेंगे 'पानी' और 'अब्बा' जैसे शब्द, मुगल-ब्रिटिश इतिहास भी होगा कम

अधिकारियों ने बताया कि पानी के बहाव के कारण इमारत का गेट टूट गया. दिल्ली सरकार से मजिस्ट्रेट से हादसे की जांच कराने का आदेश दिया है, तो इसे लेकर दिल्ली की राजनीति गरमा गई है. बीजेपी दिल्ली की केजरीवाल सरकार पर हमला बोल रही है और लापरवाही बरतने का आरोप लगा रही है.