अमेठी: जामो ब्लॉक में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी निलंबित, आवास योजना और IGRS में लापरवाही का आरोप
अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और विभागीय अनियमितताओं के चलते बड़ी कार्रवाई की गई है। जामो ब्लॉक में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी (VDO) राम कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) मनोज कुमार त्यागी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान राम कुमार को शुकुल बाजार ब्लॉक कार्यालय से संबद्ध (Attach) किया गया है।
निलंबन के मुख्य कारण
ग्राम पंचायत अधिकारी राम कुमार पर कई गंभीर आरोप लगे हैं, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के कार्यों के निष्पादन में अपेक्षित रुचि न लेना।आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण के दौरान गलत और भ्रामक रिपोर्ट प्रस्तुत करना। परिवार रजिस्टर के रखरखाव और रिकॉर्ड दर्ज करने में अनियमितताएं बरतना।वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी और कार्य के प्रति लगातार लापरवाही।
जांच अधिकारी नामित और जीवन निर्वाह भत्ता
मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सहायक विकास अधिकारी (ADO) शुकुल बाजार को जांच अधिकारी नामित किया गया है। निलंबन की अवधि के दौरान राम कुमार को पूर्ण नियमित वेतन के स्थान पर नियमानुसार आधा वेतन (जीवन निर्वाह भत्ता) और उस पर देय महंगाई भत्ता प्रदान किया जाएगा।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि विभागीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या जनता से जुड़ी शिकायतों में भ्रामक जानकारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।














