दीपावली के दीप जलते रह गए, लेकिन बरही के एक घर के 6 चिराग हमेशा के लिए बुझ गए! दो माह के मासूम समेत एक ही परिवार की 6 अर्थियां उठीं तो रो पड़ा पूरा नगर, अपनों को खोने वाले परिवार के बीच पहुंचे विधायक संजय पाठक, CM मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4 – 4 लाख रुपये की सहायता के दिए निर्देश

Screenshot 20261109 144547 Chrome

कटनी/बरही। दीपावली की रात जब पूरा देश दीपों की रोशनी में खुशियां मना रहा था, तब कटनी जिले के बरही नगर में एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने उत्सव की खुशियों को हमेशा के लिए मातम में बदल दिया। मुख्य बाजार स्थित तीन मंजिला क्रॉकरी दुकान सह मकान में आधी रात लगी भीषण आग ने एक ही परिवार की छह जिंदगियां छीन लीं। मृतकों में 77 वर्षीय बुजुर्ग गृहस्वामी, उनकी पत्नी, बहू, दो मासूम नातिनें और महज दो माह का दुधमुंहा बच्चा शामिल है। इस हृदयविदारक घटना से पूरा बरही नगर स्तब्ध है। हादसे की जानकारी मिलते ही विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने गहरा दुख व्यक्त किया और बरही पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

Sanjay pathak barhi

आग की लपटों ने कुछ ही देर में पूरी इमारत को घेरा

IMG 20261109 WA0007

जानकारी के अनुसार, बरही के मुख्य बाजार में पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की तीन मंजिला क्रॉकरी दुकान सह मकान में दीपावली की रात करीब 12 बजे अचानक आग भड़क उठी। शुरुआती लपटें इमारत के निचले हिस्से से उठीं और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग के साथ उठे जहरीले धुएं ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। परिवार के सदस्य ऊपरी मंजिलों में फंसकर रह गए और बाहर निकलने का रास्ता आग तथा धुएं के कारण बंद हो गया।

 

हादसे के दौरान रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन परिवार के अन्य छह सदस्य अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों और बचाव दल ने रातभर उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास किए।

इसे भी पढ़ें-  Sunday, 8 November 2026 प्रभात चौराहे के रोशन अस्पताल में बड़ी लापरवाही: 2 साल के मासूम को थमा दी एक्सपायरी दवा, परिजनों ने किया हंगामा

 

जेसीबी से तोड़ी गई इमारत की दीवार, सुबह तक थम चुकी थीं छह सांसें

 

भीषण आग के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। सुबह करीब 4:30 बजे 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद सुबह करीब 6:30 बजे प्रशासन की मौजूदगी में जेसीबी मशीन की मदद से इमारत की दीवार तोड़कर बचाव अभियान आगे बढ़ाया गया। अंदर का दृश्य बेहद हृदयविदारक था। आग और धुएं की चपेट में आने से परिवार के छह सदस्यों की जान जा चुकी थी।

 

इस अग्निकांड में पूरन अग्रवाल (77 वर्ष), उनकी पत्नी चंद्रकला अग्रवाल (74 वर्ष), बहू पूनम अग्रवाल, 14 वर्षीय आर्या, 6 वर्षीय अन्वी और महज दो माह के मासूम बच्चे की मौत हो गई।

 

दो माह का मासूम दुनिया को समझ भी नहीं पाया, मां के साथ जिंदगी की आखिरी सांस

 

इस पूरे हादसे का सबसे मार्मिक पहलू महज दो माह के मासूम की मौत है। बताया गया कि बच्चा अपनी मां पूनम के साथ तीसरी मंजिल के एक कमरे में था। जिस उम्र में बच्चे की दुनिया मां की गोद और परिवार के स्नेह तक सीमित होती है, उसी उम्र में आग की इस भयावह त्रासदी ने उसका जीवन छीन लिया। वहीं परिवार की दोनों मासूम बेटियां आर्या और अन्वी भी इस हादसे में नहीं बच सकीं। एक ही परिवार की छह अर्थियां उठीं तो बरही का हर व्यक्ति गमगीन हो गया। दीपावली के दीपों के बीच उठे इस मातम ने पूरे नगर की आंखें नम कर दीं।

इसे भी पढ़ें-  देश का पहला जैविक मत्स्य पालन क्लस्टर: अब सिक्किम की 'जैविक मछली' मचाएगी धूम, केंद्र ने जारी की SOP

 

विधायक संजय पाठक पहुंचे बरही, पुलिस अधिकारियों के साथ किया घटनास्थल का निरीक्षण

 

इस हृदयविदारक घटना की जानकारी मिलते ही विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने गहरा दुख व्यक्त किया था। उन्होंने वीडियो संदेश जारी कर दिवंगतों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इसके बाद विधायक संजय पाठक स्वयं बरही पहुंचे।

 

बरही पहुंचकर संजय पाठक ने अग्निकांड स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल की परिस्थितियों का जायजा लिया और हादसे से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की। भीषण आग से क्षतिग्रस्त हुई तीन मंजिला इमारत और वहां हुए नुकसान को देखकर घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता था।

 

संजय पाठक ने शोकाकुल परिजनों से मिलकर साझा किया दुख

 

घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद विधायक संजय पाठक पीड़ित परिवार के परिजनों और संबंधियों के बीच पहुंचे। उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर इस अपूरणीय क्षति पर गहरी संवेदना व्यक्त की। संजय पाठक ने दुख की इस घड़ी में परिजनों के साथ अपनी सहभागिता जताई। परिवार के छह सदस्यों को एक साथ खोने का दर्द इतना गहरा है कि इस त्रासदी ने हर संवेदनशील व्यक्ति को भीतर तक झकझोर दिया है।

 

संजय पाठक ने अपने संदेश में ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की थी। बरही पहुंचकर परिजनों से उनकी मुलाकात और घटनास्थल का निरीक्षण इस पूरे घटनाक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा।

इसे भी पढ़ें-  रतलाम के रावटी में मतांतरण के खेल का पर्दाफाश: 'चमत्कारी पानी' पिलाकर दबाव बनाने वाले दंपती पर FIR दर्ज

 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जताया दुख, मृतक के परिजन को 4 – 4 लाख रुपये की सहायता

 

बरही की इस दर्दनाक घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। दीपावली पर्व के दौरान कटनी जिले के बरही और सिवनी जिले के छपारा में आग लगने की दुखद घटनाओं में दो परिवारों के कई सदस्यों की असामयिक मृत्यु पर मुख्यमंत्री ने शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

 

दीपावली की खुशियों के बीच ऐसा मातम, जिसे बरही लंबे समय तक नहीं भूल पाएगा

 

बरही में हुआ यह अग्निकांड केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि पूरे नगर को झकझोर देने वाली घटना बन गया है। एक बुजुर्ग दंपती, बहू और तीन मासूम बच्चों की एक साथ हुई मौत ने कई सवाल और गहरा दुख छोड़ दिया है। जिस घर में दीपावली पर खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा है। विधायक संजय पाठक ने बरही पहुंचकर पीड़ित परिवार के दुख में सहभागिता जताई, वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आर्थिक सहायता के निर्देश देकर प्रभावित परिवार को शासन की ओर से मदद उपलब्ध कराने की पहल की है।