जलकर बकाया पर निगम का सख्त रुख, 6 नल कनेक्शन किए विच्छेदित
जलकर बकाया पर निगम का सख्त रुख, 6 नल कनेक्शन किए विच्छेदि
कटनी – वित्तीय वर्ष की समाप्ति में शेष बचे सीमित समय को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम प्रशासन ने बकाया करों की वसूली के लिए सख्त कदम उठाना प्रारंभ कर दिया है। गुरुवार को जलकर की बकाया राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध विशेष अभियान चलाते हुए निगम के अमले द्वारा 6 उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन विच्छेदित करने की कार्यवाही की गई।
उपयंत्री श्री मृदुल श्रीवास्तव ने बताया कि संबंधित उपभोक्ताओं को पूर्व में भी कई बार सूचित करने के उपरांत भी कोई संतोषजनक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई। गुरुवार को भी संबंधित उपभोक्ताओं को शासन द्वारा जलकर के अधिभार में दी जा रही छूट का लाभ उठाने हेतु सूचित करने के बावजूद निर्धारित अवधि में राशि जमा नहीं किए जाने पर यह कार्रवाई की गई। उल्लेखनीय है कि निगम प्रशासन द्वारा शासन निर्देशानुसार एवं शेष बचे 5 दिवसों को देखते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप बकाया करों की वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाया जा रहा है।
इन पर हुई कार्रवाई
निगम की वसूली टीम द्वारा इंदिरा गांधी वार्ड के उपभोक्ता क्रमांक 1002315654, राम मनोहर लोहिया वार्ड के उपभोक्ता क्रमांक 1002314748 तथा विश्राम बाबा वार्ड के चार उपभोक्ताओं (क्रमांक 1002316231, 1002317372, 1002315644 एवं 1003428916) के नल कनेक्शन विच्छेदित किए गए। इन सभी पर लंबे समय से जलकर बकाया लंबित था तथा बार-बार नोटिस एवं कार्यवाही के पूर्व शासन द्वारा अधिभार मे मिलने वाली छूट की जानकारी दिए जाने के बावजूद संबंधितों द्वारा बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया।
नागरिकों से अपील
नगर निगम प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि शासन द्वारा अधिभार में प्रदान की जा रही छूट का शीघ्र लाभ लेते हुए अपने बकाया करों का समय पर भुगतान करें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया है कि बकाया करों का भुगतान नहीं करने पर संबंधितों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।