Coronavirus In MP : भाजपा नेता हुए कोरोना संक्रमित, मंत्री, सांसद, शहर अध्यक्ष सहित कई हो सकते हैं क्वारन्टीन
Coronavirus Indore News Update : इंदौर । कोरोना वायरस संक्रमण ने शहर के एक भारतीय जनता पार्टी नेता को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। इससे शहर के राजनीतिक हलकों में हड़कंप है। नेता को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कोराेना संक्रमित भाजपा नेता की कांटेक्ट हिस्ट्री में प्रदेश के एक मंत्री, इंदौर के सांसद, पार्टी के शहर अध्यक्ष सहित कई लोग शामिल हैं।बताया जाता है कि उनके संपर्क में आए भाजपा के इंदौर जिलाध्यक्ष राजेश सोनकर ने तो अपनी जांच भी कराई। हालांकि उनकी रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है।
जानकारी के अनुसार पांच दिन पहले भाजपा नेता को तेज बुखार आया था। जब बुखार कम नहीं हुआ और सांस लेने में तकलीफ होने लगी तो उन्होंने निजी लैब में जांच कराई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें अरबिंदो अस्पताल में भर्ती किया गया है।
जानकारी के अनुसार संक्रमित हुए भाजपा नेता प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा से मिलने भोपाल जाने वाले नेताओं में शामिल थे। हालांकि उनका भोपाल दौरा 15 दिन पहले का था। वे भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे से मिलने भी गए थे।

