katniमध्यप्रदेश

दूषित पानी से 21 आदिवासी बच्चों की मौत पर कांग्रेस ने सौंपा 5 सूत्रीय ज्ञापन

 

दूषित पानी से 21 आदिवासी बच्चों की मौत पर कांग्रेस ने सौंपा 5 सूत्रीय ज्ञाप

कटनी। बालाघाट जिले में दूषित पानी पीने से आदिवासी बच्चों की मौत के मामले को लेकर मंगलवार को जिला आदिवासी कांग्रेस शहर एवं ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान में जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह की अगुवाई में राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर के माध्यम से 5 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने बताया कि विगत दिनों इंदौर जिले के भागीरथपुरा में दूषित पानी के कारण हुई मौतों के बाद अब बालाघाट जिले के कुण्डेकसा, अडोरी, कोरका, बोंदरी सहित आसपास के गांवों में भी दूषित पेयजल के कारण करीब 21 आदिवासी बच्चों की मौत का मामला सामने आया है। इसके अलावा दूषित पानी के कारण ग्रामीणों में चर्म रोग, उल्टी-दस्त सहित अन्य गंभीर बीमारियों का प्रकोप भी बना हुआ है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार का रवैया आदिवासी क्षेत्रों के प्रति उदासीन है तथा स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाएं भी प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त नहीं हैं। नेताओं ने कहा कि आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में लोगों को शुद्ध पेयजल और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

ज्ञापन में प्रमुख मांगें

कांग्रेस ने मांग की कि बालाघाट में मृत 21 आदिवासी बच्चों के परिजनों को तत्काल एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए तथा प्रत्येक प्रभावित परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी दी जाए। प्रभावित गांवों में तत्काल पर्याप्त चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराने, आदिवासी क्षेत्रों में स्थायी स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने तथा पेयजल की गुणवत्ता की जांच के लिए उच्चस्तरीय जांच समिति गठित करने की मांग भी की गई।

ज्ञापन में जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने तथा मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।

इस अवसर पर जिला आदिवासी कांग्रेस शहर अध्यक्ष अजय कोल, ग्रामीण अध्यक्ष ओमकार सिंह, राजा जगवानी, सेवादल अध्यक्ष मंगल सिंह, राकेश जैन, ब्लॉक अध्यक्ष सुशील जायसवाल, ब्लॉक अध्यक्ष जितेन्द्र गुप्ता, जालिम यादव, रंजीत सिंह, कल्लू दास बैरागी, नारायण निषाद, हर्षित मिश्रा, मजीद खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Back to top button