इटावा।UP Congress: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के उत्तर प्रदेश में मजबूत करने के प्रयास में जिला तथा शहर के कार्यकर्ता व नेता ही पलीता लगा रहे हैं। ताजा मामला इटावा का है, जहां पर पार्टी की बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में भिड़ंत हो गई और बीच-बचाव करने आए जिलाध्यक्ष के कपड़े तक फट गए। इसके बाद भी कार्यकर्ता नहीं माने।
कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं का नेताओं के प्रति अंदर दबा गुस्सा अब बाहर आने लगा है, इसकी बानगी इटावा पार्टी कार्यालय में बुधवार को देखने को मिली। नगर पालिका स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में महारसोई को लेकर कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए और जमकर जूता लात चल गए। बीच बचाव में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सहित अन्य नेताओं के कुर्ते भी फट गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।
इटावा कांग्रेस पार्टी कार्यालय में बुधवार को महारसोई का संचालन किया जा रहा था, यहां पर सभी पदाधिकारी मौजूद थे। इसी बीच शहर अध्यक्ष पल्लव दुबे और पूर्व युवा अध्यक्ष अरुण यादव के बीच किसी बात पर बहस हो गई। उनकी बहस सुनकर दोनों तरफ के समर्थक भी आ गए और आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों तरफ से समर्थक आपास में हाथापाई और जूता-लात चलाने लगे। हंगामा देखकर बीच बचाव में आए कांग्रेस जिलाध्यक्ष मलखान सिंह यादव का कुर्ता फट गया। देखते ही देखते हंगामे की स्थिति बन गई।

