CM Helpline: जबलपुर कलेक्‍टर ने कहा- सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर न बरतें लापरवाही

जबलपुर। जिला पंचायत में लंबित पत्रों की समीक्षा की गई। कलेक्टर कर्मवीर शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रिजू बाफना, अपर कलेक्टर विमलेश सिंह सहित सभी जिला अधिकारी उपस्थित थे। बैठक के दौरान कलेक्टर श्री शर्मा ने विभागवार सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों को संवेदनशीलता के साथ समय सीमा में समाधान करें। उन्होंने कहा कि कोई भी प्रकरण बिना अटेंड किए उच्च स्तर पर न जाए। यह कोशिश करें कि वह एल वन स्तर पर ही निराकृत हो जाए।

लंबित पत्रों की समीक्षा के दौरान उन्हें समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। इस दौरान तीन सौ दिन से अधिक प्रकरणों के साथ समाधान ऑनलाइन में चयनित विषयों की समीक्षा की गई। साथ ही साथ 100 दिनों से अधिक के प्रकरण की समीक्षा कर अधिकारियों से कहा कि समय सीमा में पत्रों का निराकरण सुनिश्चित करें। सीएम हेल्प लाइन में लापरवाही पर शासकीय स्वशासी आयुर्वेद महाविद्यालय के प्राचार्य एलएल अहिरवाल को कारण बताओ सूचना पत्र देने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम व बचाव के लिए सभी को अनिवार्य रूप से द्वितीय डोज के वैक्सीनेशन सुनिश्चित हो जाए। इसके लिए सभी जिला अधिकारी 17 व 18 नवंबर को तत्परता से अभियान में लगकर पात्र व्यक्तियों को शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन कराए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न करें। बैठक में कलेक्टर श्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनप्रतिनिधियों के प्रत्रों के जवाब समय पर दे, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचे।

Exit mobile version