कटनी/बरही। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव शनिवार को कटनी जिले के विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगर परिषद बरही में आयोजित किसान सम्मेलन एवं कृषि महोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। बरही पहुंचने पर हेलीपेड पर जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री का भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया।
गेहूं की बाली और टेसू के पुष्प भेंट कर अभिनंदन
इस अवसर पर विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक ने मुख्यमंत्री का गेहूं की बाली और टेसू के पुष्प भेंट कर अभिनंदन किया। यह किसान सम्मेलन ऐतिहासिक बन गया करीब 2 लाख किसान इसमें मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करने पहुंचे थे। ऐतिहासिक उपस्थिति से मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव अभिभूत हुए तथा उन्होंने भी सभी कृषक भाइयों व जनता जनार्दन का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री के दोपहर 3:11 बजे हेलीपेड पर आगमन पर प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, मुड़वारा विधायक संदीप श्रीप्रसाद जायसवाल, बहोरीबंद विधायक प्रणय प्रभात पाण्डेय, बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ एवं मालाओं से स्वागत किया। वहीं संभागायुक्त धनंजय सिंह, डीआईजी राकेश सिंह, कलेक्टर आशीष तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केके डेहरिया सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
बड़ा तालाब सौंदर्यीकरण का शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत बरही के बड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण एवं गहरीकरण कार्य का शुभारंभ किया। लगभग 50 लाख रुपये की लागत से यह कार्य कराया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान शंकर की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और आरोग्य की कामना की। कार्यक्रम में सांसद विष्णुदत्त शर्मा, विधायक संजय सत्येंद्र पाठक, कलेक्टर आशीष तिवारी, नगर पंचायत अध्यक्ष पियूष अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
एक किलोमीटर लंबी आभार रैली, पुष्पवर्षा से स्वागत
मुख्यमंत्री का बड़ा तालाब से कृषि महोत्सव के सभास्थल तक लगभग एक किलोमीटर लंबी आभार रैली निकाली गई। सुसज्जित रथ में निकली इस रैली में बरही के मुख्य बाजार, चौक बाजार, सुभाष चौक और कमानिया गेट होते हुए मुख्यमंत्री का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। रैली में सांसद विष्णुदत्त शर्मा, विधायक संजय सत्येंद्र पाठक एवं भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी भी रथ में मौजूद रहे।
रास्ते में 14 स्थानों पर विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारी संगठनों द्वारा स्वागत किया गया, जिनमें मेडिकल व्यापारी संघ, किराना व्यापारी संघ, सराफा व्यापारी संघ, कपड़ा व्यापारी संघ, हार्डवेयर संघ, अधिवक्ता संघ, वॉलीबॉल स्पोर्ट क्लब, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार, कसोधन गुप्ता समाज सहित अनेक संगठन शामिल रहे।
सिंचाई परियोजना और विकास कार्यों पर आभार
विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र की जनता ने आभार रैली के माध्यम से मुख्यमंत्री का स्वागत हाल ही में स्वीकृत बरही सूक्ष्म उद्ववहन सिंचाई परियोजना की खुशी में किया। लगभग 566.92 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना से 27 गांवों की करीब 20 हजार हेक्टेयर भूमि में सिंचाई सुविधा मिलेगी और लगभग 11 हजार किसानों के खेतों तक पानी पहुंचेगा। इसके अलावा करीब 243 करोड़ रुपये के निर्माण एवं विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन के लिए भी जनता ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
करीब एक हजार करोड़ के नए कार्यों की घोषणा
कृषि महोत्सव में बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों और जनसमुदाय को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विजयराघवगढ़ विधानसभा के लिए लगभग एक हजार करोड़ रुपये के नए विकास कार्यों की घोषणा की। इससे पहले भी क्षेत्र में लगभग एक हजार करोड़ रुपये के कार्य स्वीकृत हो चुके हैं।
विधायक संजय पाठक के आग्रह पर स्वीकृत प्रमुख कार्यों में
सलैया कोहरी से कैमोर मार्ग
रोहनिया से गोइंद्रा जिवारा मार्ग
कुंआ से कुठिया मोहगवां मार्ग
करौंदीखुर्द से बिचपुरा जाजागढ़ मार्ग, कारीतलाई से गुडेहा मार्ग
टेड़ी पुलिया से ऊटिन टोला मार्ग,
हदरहटा-सलैया-सिहोरा मार्ग
परसवारा के पास महानदी-उमरार संगम से लिफ्ट सिंचाई परियोजना,
खितौली, जगुआ, पत्थरहटा, सिजहनी, देवसरी, घुनसुर जलाशयों का जीर्णोद्धार
नहरों की लाइनिंग
विजयराघवगढ़ एवं बरही में ऑडिटोरियम निर्माण,
बरही में इनडोर वॉलीबॉल कोर्ट निर्माण शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समयाभाव के कारण सभी घोषणाएं मंच से नहीं की जा सकीं, लेकिन विधायक संजय पाठक द्वारा दिए गए मांग पत्र की अन्य मांगों को भी शीघ्र पूरा किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।
