1884 से चली आ रही गोलबाजार रामलीला की तैयारियों का आगाज, रवि खरे की अध्यक्षता में हुआ भूमि पूजन; 4 अक्टूबर से होगा भव्य मंचन
1884 से चली आ रही ऐतिहासिक परंपरा का निभाया जा रहा है सिलसिला, भूमि पूजन में रामलीला कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद; 4 अक्टूबर से होगा भव्य मंचन
कटनी। शहर की ऐतिहासिक गोलबाजार रामलीला की तैयारियों का विधिवत आगाज हो गया है। वर्ष 1884 में स्थापित गोलबाजार रामलीला में आज कमेटी के उपाध्यक्ष श्री रवि खरे की अध्यक्षता में भूमि पूजन किया गया। भूमि पूजन के साथ ही आगामी रामलीला आयोजन की तैयारियों का शुभारंभ हो गया है। इस वर्ष 4 अक्टूबर से मुकुट पूजन के साथ रामलीला का भव्य मंचन प्रारंभ होगा।
गोलबाजार की यह ऐतिहासिक रामलीला सवा सौ वर्षों से अधिक समय से भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। बदलते दौर में भी इस धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को जीवित रखने के लिए गोलबाजार रामलीला कमेटी लगातार सक्रिय है।
भूमि पूजन के अवसर पर भरत अग्रवाल, रवि खरे, राकेश अग्रवाल, राजेन्द्र सोंधिया, शरद अग्रवाल, रामजी यादव, नीरज अग्रवाल, बबलू अग्रवाल, धर्मेन्द्र त्रिपाठी, अभिषेक अग्रवाल, रणवीर कर्ण, अंतिम गुप्ता, मनोज बाझल, गिरधारी शर्मा, नरेश सोनी, अनुभव शुक्ला, अंकुश रजक, तपन निषाद, वैभव अग्रवाल, सुग्रीव जायसवाल, मिथलेश महोबिया, श्रीदीन राठौर, संतराम टिकियामल, लखन अग्रवाल, सुरेश विश्वकर्मा और सुरजीत पटैल सहित रामलीला कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कमेटी के सचिव भरत अग्रवाल ने धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अपील की कि 4 अक्टूबर से शुरू होने वाले रामलीला के भव्य मंचन में प्रतिदिन शामिल हों और भगवान श्रीराम के आदर्शों एवं जीवन मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करें।
वहीं, रामलीला मैदान से जुड़े अतिक्रमण के मुद्दे को लेकर भी कमेटी ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। भरत अग्रवाल ने कहा कि गोलबाजार रामलीला शहर का ऐतिहासिक और धार्मिक आयोजन है। ऐसे में रामलीला मैदान का स्वरूप और पर्याप्त स्थान सुरक्षित रहना जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से मैदान में किए गए अवैध कब्जों और अतिक्रमण को हटाने की मांग की।
आशुतोष शुक्ला के निधन पर शोकसभा
गोलबाजार रामलीला कमेटी के मीडिया कार्यों को संभालने वाले श्री आशुतोष शुक्ला के देवलोक गमन पर कमेटी के सदस्यों द्वारा शोकसभा आयोजित की गई। इस दौरान सदस्यों ने स्वर्गीय आशुतोष शुक्ला को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए रामलीला कमेटी और मीडिया कार्यों में उनके योगदान को याद किया।
शोकसभा में सदस्यों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की। कमेटी के सदस्यों ने कहा कि आशुतोष शुक्ला की सेवाओं और रामलीला कमेटी के प्रति उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।