Chhattisgarh Nikay Chunav Result: BJP का क्लीन स्वीप, सीएम विष्णुदेव साय ने दी बधाई;छत्तीसगढ़ के 10 नगर निगम में बीजेपी की धाक, 36 नगर पालिकाओं पर भी कब्जा, देखें कौन कहां से जीता। छत्तीसगढ़ नगर निकाय चुनावों में महापौर के सभी 10 सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल कर ली है। इस जीत के बाद सीएम विष्णुदेव साय के निवास के बाहर ढोल-नगाड़े बजते नजर आए। सीएम ने इस ऐतिहासिक जीत के बाद कहा कि सरकार का मेन फोकस रोजगार बढ़ाने पर केंद्रित रहेगा।
छत्तीसगढ़ में आज नगर निकाय चुनाव के लिए आज वोटों की गिनती हुई। सभी नगर निगमों में भारतीय जनता पार्टी के मेयर पद के प्रत्याशियों की जीत हुई है। सबसे बड़ी जीत रायपुर में मीनल चौबे को मिली है। मीनल चौबे ने 1 लाख 30 हजार से ज्यादा वोटों से दीप्ति दुबे को हरा दिया। रायपुर में यह अब तक की सबसे बड़ी जीत हुई है। रायपुर में 15 साल तक कांग्रेस का मेयर था। इसके अलावा दुर्ग, राजनांदगांव, बिलासपुर, जगदलपुर, अंबिकापुर, रायगढ़, चिरमिरी के निगम चुनाव में कांग्रेस के सूपड़ा साफ हो गया है। जनता ने विष्णु के सुशासन का दिल खोलकर समर्थन किया है।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा वोटों की काउंटिंग के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। छत्तीसगढ़ में मंगलवार को रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर नगर निगमों सहित 10 नगर निगमों, 49 नगर पालिका परिषदों और 114 नगर पंचायतों में हुए मतदान में 72.19 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। राज्य के कोरिया जिले में सबसे अधिक 84.97 फीसदी, बिलासपुर जिले में सबसे कम 51.37 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान सुकमा और दुर्ग नगर निकायों के पांच वार्डों के उपचुनाव के लिए भी मतदान हुआ। इन नगर निकाय चुनावों में 10 हजार से अधिक उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया, जिनके सियासी भाग्य का फैसला आज हुआ।
छत्तीसगढ़ में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस के बीच था। हालांकि, बड़ी संख्या में निर्दलीय और बागी उम्मीदवार राष्ट्रीय दलों के उम्मीदवारों के लिए बड़ी चुनौती पेश कर रहे थे। रायपुर नगर निगम में मेयर पद के लिए भाजपा की मीनल चौबे और कांग्रेस की दीप्ति दुबे के बीच मुकाबला है। दीप्ति दुबे पूर्व महापौर प्रमोद दुबे की पत्नी हैं। वहीं राजनांदगांव नगर निगम में मेयर पद के लिए भाजपा ने पूर्व सांसद मधुसूदन यादव को कांग्रेस के निखिल द्विवेदी के खिलाफ मैदान में उतारा है। अंबिकापुर नगर निगम में मेयर पद के लिए कांग्रेस के डॉ. अजय टिर्की और भाजपा की मंजूषा भगत के बीच मुकाबला है।













