बारूद के ढेर पर बैठा आजाद चौक, पता नहीं किस अधिकारी की सह पर घनी आबादी के बीच चल रहा पटाखों का भंडारण और विक्रय
कटनी(YASHBHARAT.COM)। सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बावजूद पटाखों के अवैध भंडारण पर कार्रवाई को लेकर प्रशासन गंभीर नहीं दिख रहा है। अधिकारियों की लापरवाही से इस धंधे से जुड़े लोगों के हौसले बुलंद हैं और वे थोड़े से फायदे के लिए आम लोगों की जिंदगी को खतरे में डाल रहे हैं। जहां एक ओर उपनगरीय क्षेत्र माधवनगर में मुक्तिधाम के आगे तालाब की मेड़ से सट कर लग रहे पटाखा बाजार को यहां पेट्रोल पंप खुलने के बाद हटा दिया गया तो वहीं दूसरी तरफ आजाद चौक क्षेत्र में घनी आबादी के बीच एक पटाखा कारोबारी को पता नहीं कौन सा कानून व नियम न केवल पटाखों के भंडारण की अनुमति देता है बल्कि यहां से पूरे साल पटाखों का विक्रय भी किया जा रहा है। सवाल यह उठता है कि इतनी घनी बसाहट होने के बावजूद प्रशासन व पुलिस का कौन सा अधिकारी है जो पटाखा कारोबारी के लाइसेंस का हर साल नवीनीकरण आंख मूंद कर कर रहा है। यह तो गनीमत है कि इतना बारूद होने के बावजूद यहां अब तक कोई घटना नहीं हुई। यदि भविष्य में पटाखा कारोबारी के यहां कोई हादसा होता है तो उसका खामियाजा यहां निवास करने वाले लोगों को ही भोगना पड़ेगा। बहरहाल पिछले कई वर्षों से आजाद चौक बारूद के ढेर पर बैठा हुआ है।











