सरकारी स्कूल की छात्रा के आत्मविश्वास ने जीता कलेक्टर का दिल- अंग्रेजी में दिया फर्राटेदार परिचय तो तालियों से गूंज उठी क्लास; कलेक्टर आशीष तिवारी ने बच्चों से किया सीधा संवाद
कटनी। बच्चों की आंखों में बड़े सपने हों और उन्हें साकार करने के लिए शिक्षा का मजबूत आधार मिले, तो ग्रामीण परिवेश की प्रतिभाएं भी किसी भी परिस्थिति में अपनी अलग पहचान बना लेती हैं। कटनी जिले के ग्राम केवलारी की शासकीय प्राथमिक शाला में शुक्रवार को कुछ ऐसा ही प्रेरक दृश्य देखने को मिला। यहां कलेक्टर श्री आशीष तिवारी अचानक विद्यार्थियों के बीच पहुंचे और उनसे सीधा संवाद कर उनकी शैक्षणिक समझ, ज्ञान और आत्मविश्वास को परखा।
“My name is Kalpana Mishra…” – छात्रा के सहज अंदाज ने खींचा ध्यान कक्षा में बच्चों से बातचीत के दौरान कलेक्टर श्री तिवारी ने कक्षा 8वीं की छात्रा कल्पना मिश्रा से अंग्रेजी में अपना परिचय देने को कहा। कल्पना ने बिना किसी झिझक के पूरे आत्मविश्वास के साथ “My name is Kalpana Mishra…” कहते हुए अंग्रेजी में अपना परिचय दिया। उसके सहज अंदाज और स्पष्ट अभिव्यक्ति ने कलेक्टर सहित वहां मौजूद सभी अधिकारियों का दिल जीत लिया। छात्रा के इस आत्मविश्वास से प्रभावित होकर अधिकारियों ने तालियां बजाकर उसका उत्साहवर्धन किया। इसी तरह, कक्षा 8वीं के ही छात्र प्रवीण ने भी कलेक्टर के सवालों के जवाब बेहद बेबाकी और आत्मविश्वास के साथ दिए।
यूनिफॉर्म और बुनियादी सुविधाओं को लेकर DEO को दिए निर्देश बच्चों के जवाबों में झलकता यह आत्मविश्वास इस बात का प्रमाण था कि उचित मार्गदर्शन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलने पर ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे भी किसी से कम नहीं हैं। विद्यार्थियों से संवाद करने के बाद कलेक्टर ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) श्री सच्चिदानंद पाण्डेय को निर्देश दिए कि सभी विद्यार्थी नियमित रूप से निर्धारित स्कूली यूनिफॉर्म पहनकर विद्यालय आएं। इसके साथ ही, स्कूल में आवश्यक बुनियादी सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के भी सख्त निर्देश दिए गए।
ये अधिकारी रहे उपस्थित निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर, एसडीएम कटनी श्री जितेंद्र पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी श्री सच्चिदानंद पाण्डेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं स्कूल स्टाफ उपस्थित रहा।











