जनजातीय महापुरुषों के शौर्य, बलिदान और स्वाभिमान को समर्पित है जनजातीय गौरव सप्ताह : दीपक सोनी ‘टंडन
बिरसा मुंडा का संघर्ष और बलिदान राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत : धीरेंद्र बहादुर सिंह
जनजातीय समाज का स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में रहा अतुलनीय योगदान : सोहन सिंह
कटनी। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 11 से 18 नवंबर तक प्रदेशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत जनजातीय महापुरुषों के शौर्य, संघर्ष, बलिदान और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कटनी जिले में भी पंचायत, तहसील और जिला स्तर पर विविध आयोजन होंगे।
इस संबंध में शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी ‘टंडन’, बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री सोहन सिंह तथा प्रदेश मंत्री एवं कटनी जिला प्रभारी एकता ठाकुर ने जनजातीय गौरव सप्ताह की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी ‘टंडन’ ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने जनजातीय समाज के अधिकारों तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। जनजातीय गौरव सप्ताह के माध्यम से ऐसे महानायकों के शौर्य, बलिदान और विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष और बलिदान सदैव राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। जनजातीय समाज ने देश की आजादी, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अन्याय और शोषण के विरुद्ध जनजातीय वीरों का संघर्ष इतिहास का गौरवशाली अध्याय है। उनके त्याग और बलिदान को याद करना तथा नई पीढ़ी को उनकी गौरवगाथा से परिचित कराना हम सभी का दायित्व है।
अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री सोहन सिंह ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास वीरता, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणादायी गाथाओं से समृद्ध है। जनजातीय महापुरुषों ने देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। गौरव सप्ताह के माध्यम से उनके ऐतिहासिक योगदान को व्यापक स्तर पर सामने लाया जाएगा।
प्रदेश मंत्री एवं कटनी जिला प्रभारी एकता ठाकुर ने बताया कि सप्ताह के दौरान जनजातीय लोकनृत्य, संगीत, नाट्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ संवाद और गौरव चौपाल जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश स्तर पर 14 नवंबर को जबलपुर, 15 नवंबर को धार और 16 नवंबर को खंडवा में विशेष आयोजन होंगे। वहीं 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कटनी जिले में भी पंचायत, तहसील और जिला स्तर पर सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रमों के माध्यम से जनजातीय नायकों के योगदान, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास को रेखांकित किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता का संचालन जिला सह मीडिया प्रभारी मयंक गुप्ता ने किया, जबकि आभार अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष चंदन सिंह ने व्यक्त किया।











